माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय में प्रतिभा 2025 के अंतर्गत आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया । गणेश शंकर विद्यार्थी सभागार में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधायक भगवानदास सबनानी, विशेष अतिथि प्रकाश हिंदुस्तानी उपस्थित थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलगुरु विजय मनोहर तिवारी द्वारा की गई। कार्यक्रम में 19 सांस्कृतिक एवं 5 खेल प्रतियोगिताओं के विजेता विद्यार्थियों को पुरुस्कृत किया गया। इस अवसर पत्रकारिता, संचार शोध, मीडिया प्रबंधन विभाग एवं भारतीय भाषा विभाग से निकलने वाली पत्रिकाओं का भी विमोचन किया गया। क्षेत्रीय विधायक भगवानदास सबनानी ने विजेता विद्यार्थियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय आने तक सड़क एवं आवागमन की समस्या देखने को मिली है । उन्होंने कहा कि बरसात से पहले समस्या का समाधान कर लिया जाएगा।उन्होंने कहा कि परिसर में हॉस्टल भी है और बच्चे आसपास भी रहते हैं ।

श्री सबनानी ने कहा कि 100 इलेक्ट्रिक बसें जल्द ही शुरु होने जा रही है। बच्चों को आवागमन में दिक्कत न हो इसलिए दो से तीन बसें इस क्षेत्र से होकर गुजरेंगी। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि लिखने में कभी समझौता मत कीजिएगा। लिखने की धार बनाए रखना। उन्होंने आने वाले समय में वृक्षारोपण भी करने की बात कही । बिशनखेड़ी में सुरक्षा को लेकर उन्होंने कहा कि अब पुलिस पेट्रोलियम भी यहां होगी, ताकि महिलाएं बहनें अपने आपको सुरक्षित महसूस कर सकें। उन्होंने समस्याओं पर कि विधायक निधि तक से समस्या का समाधान करना पड़े तो वे करेंगे ।वरिष्ठ पत्रकार श्री प्रकाश हिंदुस्तानी ने कहा कि पत्रकारिता में इस बात का महत्व है कि कब नहीं बोलना है और क्या नहीं बोलना है । उन्होंने छात्रों से कहा कि यदि कभी किसी का इंटरव्यू लेना हो तो यह कभी मत पूछना कि आपको कैसा लग रहा है ।कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे कुलगुरु विजय मनोहर तिवारी ने विजेता विद्यार्थियों को बधाई दी। साथ ही उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय इस साल से सिंधी भाषा में पीजी डिप्लोमा शुरु करने जा रहा है। उन्होंने इसके लिए विशेष तौर पर डायरेक्टर रवि टेकचंदानी का आभार व्यक्त किया। अपने उद्बोधन में श्री तिवारी ने विद्यार्थियों से कहा कि वे सिंधी की दो पुस्तके द सिंध स्टोरी एवं द टियर्स ऑफ सिंधु जरूर पढ़ें ।

समारोह में विश्वविद्यालय के पूर्व कुलसचिव स्व. अनिल चौबे स्मृति पदक 2024 सर्वोच्च अंक प्राप्त करने पर चलचित्र विभाग की खुशी बाथम को दिया गया। पुरस्कार स्वरुप 21000/- हजार रुपए की नगद राशि एवं प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। इस अवसर पर स्व. चौबे की पत्नी आराधना चौबे भी उपस्थित थीं। इसी तरह स्व. श् अम्बाप्रसाद श्रीवास्तव स्मृति पदक 2024 विज्ञापन एवं जनसंपर्क विभाग की छात्रा सुश्री श्रृष्टि को प्रदान किया गया। समारोह में इलेक्ट्रॉनिक मीडिया विभाग के द्वारा प्रतिभा प्रतियोगिता पर बनाया गया विशेष बुलेटिन भी दिखाया गया। कार्यक्रम में छात्रा हर्षिता श्रीवास एवं अदिति की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सबका मन मोह लिया।
प्रतिभा पुरस्कार वितरण समारोह के अवसर पर प्रतिभा आयोजन समिति के अध्यक्ष एवं कुलसचिव अविनाश वाजपेयी, विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, संयोजक, सांस्कृतिक संयोजक, समन्वयक, विभागीय सांस्कृतिक समन्वयक, अनुशासन समिति के सदस्य उपस्थित थे । कार्यक्रम का संचालन एवं समन्वय, सांस्कृतिक समन्वयक उर्वशी परमार एवं रुण खोबरे ने किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित थे
#एमसीयू #प्रतिभा_पुरस्कार #पुरस्कार_वितरण #माखनलाल_विश्वविद्यालय #छात्र_सम्मान #विश्वविद्यालय_समाचार