सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : मानवाधिकार दिवस के अवसर पर संत हिरदाराम गर्ल्स कॉलेज, भोपाल की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा दो गतिविधियाँ आयोजित की गईं। कॉलेज में आयोजित प्रथम कार्यक्रम के अंतर्गत मानवाधिकार दिवस पर एक जागरूकता सत्र रखा गया, जिसमें बी.कॉम द्वितीय वर्ष की छात्रा एवं राष्ट्रीय सेवा योजना स्वयंसेविका चित्रा भोजवानी ने मानवाधिकार विषय पर सारगर्भित भाषण प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम के द्वितीय चरण के अंतर्गत राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा अपना घर वृद्धाश्रम का भ्रमण किया गया तथा वृद्धजनो के मानवाधिकारों पर जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया गया। इस अवसर पर उनके सम्मान, देखभाल, सुरक्षा, भावनात्मक सहयोग तथा गरिमामय जीवन के अधिकार पर विशेष जोर दिया गया। यह पहल वरिष्ठ नागरिकों के प्रति कॉलेज की संवेदनशीलता व सामाजिक दायित्वबोध को अभिव्यक्त करती है।

राष्ट्रीय सेवा योजना स्वयंसेविकाओं ने वृद्धजनों से आत्मीय संवाद किया तथा उनके साथ समय बिताया। साथ ही पोषण एवं शीत ऋतु की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए फलों एवं ऊनी वस्त्रों का वितरण किया गया।

भ्रमण के दौरान स्वयंसेविकाओं ने यह भी बताया कि वरिष्ठ नागरिकों के माता-पिता एवं संरक्षण अधिनियम 2007 के अनुसार, बच्चों का दायित्व है कि वे अपने वृद्ध माता-पिता की देखभाल एवं सेवा सुनिश्चित करें। अतः यह भ्रमण न केवल सामाजिक जागरूकता का प्रतीक रहा बल्कि विधिक एवं मानवीय दायित्व की ओर भी ध्यान आरक्षित करने वाला रहा।

संत हिरदाराम गर्ल्स कॉलेज, भोपाल के प्रबंधन ने भी राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के सराहनीय प्रयासों की प्रशंसा करते हुए सामुदायिक सेवा, सामाजिक कल्याण और मानवाधिकारों को प्रोत्साहित करने के प्रति कॉलेज की निरंतर प्रतिबद्धता व्यक्त की ।

#मानवाधिकारदिवस #एनएसएस #वृद्धाश्रम #जागरूकता #संतहिरदारामकॉलेज #सामाजिकसेवा