ITDC India e-Press / Agencies

नौवीं में अच्छे नंबर लाने पर बेटे को मिली 2.30 करोड़ की BMW

सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क्स / आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ / एजेंसियां, भोपाल:

पश्चिम बंगाल के पूर्व बर्धमान जिले में एक पिता ने अपने बेटे को नौवीं कक्षा की अर्धवार्षिक परीक्षा में अच्छे अंक लाने पर ऐसा तोहफा दिया, जिसकी चर्चा पूरे इलाके में हो रही है। गलसी क्षेत्र के पराज गांव के रहने वाले चावल कारोबारी शम्सुद्दीन मिद्या ने अपने 15 वर्षीय बेटे मोहम्मद तलहा को करीब 2.30 करोड़ रुपये की BMW M4 कॉम्पिटिशन कार गिफ्ट की है। बेटे की लंबे समय से इस लग्जरी कार को पाने की इच्छा थी, जिसे पिता ने परीक्षा में अच्छे प्रदर्शन के बाद पूरा कर दिया।

शम्सुद्दीन ने बताया कि तलहा उनसे काफी समय से BMW खरीदने की मांग कर रहा था। परीक्षा के नतीजे अच्छे आने के बाद उन्होंने उसे यह खास उपहार देने का फैसला किया। इसके लिए वह मुंबई गए और अंधेरी स्थित शोरूम से कार खरीदी। शुक्रवार को विशेष कंटेनर के जरिए कार को गांव पहुंचाया गया।

कभी मुंबई में फिल्मों के सेट पर करते थे काम

शम्सुद्दीन की सफलता की कहानी भी काफी दिलचस्प है। वर्ष 2003 में वह काम की तलाश में मुंबई पहुंचे थे, जहां करीब सात साल तक फिल्म इंडस्ट्री में लाइटमैन के रूप में काम किया। वर्ष 2010 में गांव लौटने के बाद उन्होंने चावल का कारोबार शुरू किया। मेहनत और लगन से उन्होंने व्यवसाय का विस्तार किया और आज गलसी इलाके में उनकी तीन राइस मिल हैं। उनका कारोबार भारत के अलावा वियतनाम, मलेशिया, सिंगापुर और दुबई तक फैला हुआ है।

बेटा अभी नहीं चला सकेगा कार

15 साल के तलहा के पास ड्राइविंग लाइसेंस नहीं है, इसलिए वह फिलहाल खुद कार नहीं चला सकता। उसने बताया कि अभी उसका ध्यान पढ़ाई पर रहेगा और सप्ताह में एक दिन पिता के साथ कार में घूमेगा। उस दौरान गाड़ी पिता चलाएंगे और वह बगल वाली सीट पर बैठेगा।

शम्सुद्दीन के पास पहले से रेंज रोवर, वोल्वो, महिंद्रा थार और हुंडई अल्काजार जैसी गाड़ियां हैं। नई BMW अब उनके कार कलेक्शन में शामिल हो गई है।


Hashtags: #Education #Bhopal #नौवीं #अच्छे #नंबर #लाने #बेटे #मिली #करोड़ #नौवींमेंअच्छेनंबर