सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्कआईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल:  ग्वालियर में महान आर्यमन राव सिंधिया की फर्म हाइपर ग्रोसर प्राइवेट लिमिटेड कंपनी को प्रॉक्योरमेंट मैनेजर ने 12 लाख रुपए का चूना लगा दिया है। प्रॉक्योरमेंट मैनेजर ने अपने साथियों की मदद से एक फर्जी फर्म बनाकर सस्ता माल लिया। इसके बाद फर्जी बिल बनाकर महान आर्यमन राव सिंधिया की कंपनी को बेच देते थे।

घटना जनकगंज थाना क्षेत्र के लक्ष्मीगंज स्थित हाइपर ग्रोसर प्राइवेट लिमिटेड की है। घटना का पता उस समय चला जब कंपनी के एक कर्मचारी ने जॉब छोड़ी, तो वह मैनेजर व उनके साथियों की कलई खोल गया कि किस प्रकार वह उसे चपत लगा रहे हैं। मामले का खुलासा होते ही कंपनी का पदाधिकारी थाने पहुंचा और शिकायत की है। पुलिस ने शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है।

जनकगंज थाना क्षेत्र के पीजीवी कॉलेज की गली श्रीधर अपार्टमेंट निवासी उत्कर्ष हण्डे पुत्र मिलिंद हण्डे हाइपर ग्रोसर प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में बतौर मैनेजर पदस्थ हैं। इस कंपनी के डायरेक्टर केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के पुत्र महान आर्यमन राव सिंधिया व सुर्यांश जैन हैं। यह कंपनी का दफ्तर लक्ष्मीगंज सब्जी मण्डी में थोक सब्जियां खरीदती है। कंपनी का काम देखने के लिए उन्होंने प्रॉक्योरमेंट मैनेजर के रूप में शिवम गुप्ता को रखा हुआ है। शिवम का काम कंपनी के लिए माल की व्यवस्था करना, दाम तय करना और उसकी पूर्ति कर सही स्थान पर पहुंचाना आदि होती थी। पर कंपनी का प्रॉक्योरमेंट मैनेजर ही कंपनी के धीरे-धीरे चूना लगाने लगा। जिसका खुलासा हाल ही में एक कर्मचारी के जॉब छोड़कर जाने पर हुआ। कर्मचारी ने प्रॉक्योरमेंट मैनेजर पर आरोप लगाया था। जिसकी जांच के बाद यह खुलासा हुआ है।

इस तरह करते रहे कंपनी से ठगी

दो साल से शिवम गुप्ता कंपनी का पूरा काम देख रहा है। उसने खुद की एक फर्जी फर्म श्याम ट्रेडिंग कंपनी खोल रखी है। किसानों से सस्ते दाम में माल खरीदकर और अपनी फर्म के नाम से फर्जी बिल बनाकर सिंधिया की फर्म को महंगे दाम में बेचता था। पिछले दो साल से उसका यह काम चल रहा था। जो माल वह किसानों से 110 रुपए प्रति किलो भाव से खरीदता था वह कंपनी को 115 रुपए में बेच रहा था। कुछ महीनों में ही उसने 12 लाख रुपए का घोटाला कर दिया था।

ऐसे हुआ पूरे मामले का खुलासा

कंपनी के मैनेजर ने पुलिस को बताया कि कुछ माह से एक कर्मचारी को शिवम गुप्ता काफी परेशान कर रहा था, क्योंकि वह इनके गलत काम में शामिल नहीं था और उन्हें भी इससे रोकता था। जब उसकी पीड़ा असहनीय हो गई तो वह मेरे पास पहुंचा और अपना त्याग पत्र सौंप दिया। जब मैंने ने उससे बात की तो उसने इनकी पोल खोल दी। मामले का पता चलते ही मैंने पहले अपने स्तर पर जांच की तो धोखाधड़ी का खुलासा हुआ। मामले का पता चलते ही पुलिस को शिकायत की। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।

प्रॉक्योरमेंट मैनेजर के साथ यह कर्मचारी भी शामिल

जब कंपनी के मैनेजर ने मामले की जांच की तो पता चला की फर्जीवाड़े में अकेला प्रॉक्योरमेंट मैनेजर शिवम गुप्ता ही नहीं बल्कि उसके साथ हिंदराज कुशवाह, विभोर यादव, राहुल कलोटा, विशाल जाटव, अरमान खान, कमल साहू सहित अन्य भी शामिल हैं।

पुलिस का कहना

इस मामले में टीआई विपेन्द्र सिंह का कहना है कि कंपनी में धोखाधड़ी करने वाले एक पदाधिकारी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। अभी यह अनऑफिशियल बताया गया है कि कंपनी के डायरेक्टर में महान आर्यमन राव सिंधिया भी है। पर कंपनी के मैनेजर ने अभी कोई दस्तावेज न हीं दिए हैं।