सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : मध्यप्रदेश राज्य कृषि विपणन बोर्ड की मासिक वीडियो कांफ्रेंसिंग समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया | मंत्रालय स्थित व्ही.सी. कक्ष से मध्य प्रदेश राज्य कृषि विपणन बोर्ड की मासिक वीडियो कांफ्रेंसिंग समीक्षा बैठक का आयोजन प्रबंध संचालक सह आयुक्त श्रीमन् शुक्ला की अध्यक्षता में किया गया। बैठक में 259 मंडी के सचिव/प्रतिनिधि‚ 07 संभागों के संयुक्त संचालक‚ 13 तकनीकी संभागों के कार्यपालन यंत्री उपस्थित रहे।
समीक्षा बैठक में अप्रैल से जनवरी 2024 की कृषि उपजों की आवक की समीक्षा की गई जो कि 378.03 लाख मेट्रिक टन है गत वर्ष इसी अवधि में 357.48 लाख मेट्रिक टन थी। जो 6% अधिक है।
कुछ मंडियों में अनुपातिक रूप से आवक में कमी प्रदर्शित हुई है उन मंडी के सचिवों को कमी के कारण बताने के लिए निर्देश दिए गए है‚ जिसमे मुख्य रूप से मंदसौर तथा पिपल्या मंडी के सचिवों को तत्काल आवक में कमी के कारणों को स्पष्ट करने के निर्देश दिए गए साथ ही आवक में कमी वाली मंडियों के निरीक्षण तथा अबैध व्यापार पर नियंत्रण करने के निर्देश सभी संयुक्त संचालकों को दिए गये। फ्लाइंग स्क्वाड एप पर तत्काल सभी आंचलिक अधिकारियों को प्रतिवेदन प्रेषित करने के निर्देश दिए गए।
प्रबंध संचालक महोदय द्वारा कहा गया कि उत्पादन के अनुपात में आवक की मात्रा कम नहीं होनी चाहिए विपरीत स्थिति प्रदर्शित होने पर सम्बंधित अधिकारियों पर अनुशासनात्मक कार्यवाही की जावेगी। उपार्जन का मंडी शुल्क जो अवशेष है उसे तत्काल उपार्जन एजेंसी से लिए जाने के निर्देश दिए गए।
ई-मंडी योजना जो प्रदेश की 42 मंडियों में लागू की गई है उन मंडियों में वरिष्ठालय से जारी निर्देश अनुसार समस्त कार्यवाही पूर्ण कर प्रवेश‚ नीलामी‚ तौल तथा भुगतान के आंकड़ों का मिलान प्रतिदिन करने के निर्देश दिए गए। बालाघाट तथा ग्वालियर मंडी सचिवों को ई-मंडी योजना तत्काल प्रवर्त्त करने के निर्देश दिए गए। ई-मंडी योजना को शत-प्रतिशत लागू करने के निर्देश सभी मंडी सचिवों एवं आंचलिक अधिकारियों को दिए गए। एप.पी. फार्मगेट एप पर कृषकों के पंजीयन निर्धारित लक्ष्य अनुसार किये जाने के निर्देश सभी मंडियों को दिए गए।
समीक्षा के अन्य बिन्दुओं में अधिकारी/कर्मचारियों की परिवीक्षा अवधि समाप्ति के प्रकरणों तथा पेंशन प्रकरणों का तत्काल निराकरण करने के निर्देश दिए गए। बोर्ड शुल्क समय सीमा में मुख्यालय को प्रेषित करने के निर्देश दिए गए। लंबित शिकायतों तथा विभागीय जांचों को समय सीमा में निराकृत करने के निर्देश दिए गए। रिक्त संरचनाओं को भूमि संरचना आवंटन नियम अनुसार आवंटन की कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।
बैठक के अंत में प्रबंध संचालक महोदय द्वारा समस्त अधिकारी/कर्मचारियों को निर्देशित किया गया कि मंडी प्रांगण में आने वाले कृषकों को किसी भी प्रकार की कोई असुविधा ना हो। शुद्ध पेयजल‚ भोजन कैंटीन की व्यवस्था‚ विश्रामगृह की व्यवस्था‚ उचित पार्किंग स्थल की व्यवस्था‚ उचित तौल कांटो की व्यवस्था‚ उपजों की नीलामी त्वरित करने की व्यवस्था‚ मंडी प्रांगण में किसानों को अधिनियम की धारा 37(2) के तहत भुगतान हो ऐसी व्यवस्था किए जाने के निर्देश देते हुए बैठक समाप्त की गई।
बैठक में अपर संचालक चंद्रशेखर वशिष्ठ‚ आर.आर. अहिरवार‚ अधीक्षण यंत्री डी. एस. राठौर, उपसंचालक अरुण बागड़ी‚ नितिन कोल्हे‚ चीफ प्रोग्रामर संदीप चौबे‚ सहायक संचालक पीयूष शर्मा‚ अविनाश पाठे‚ श्रीमती सोना जयसवाल एवं योगेश नागले उपस्थित रहे।