सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल: श्री 1008 भगवान महावीर दिगंबर जैन मंदिर साकेत नगर में आयोजित जैनत्व संस्कार शिविर का समापन बेहद भावभीने वातावरण में सोमवार को संपन्न हुआ। शिविर में शामिल बच्चों से लेकर समाज के वरिष्ठजनों तक तथा समस्त कमेटी मेंबर से लेकर ज्ञान की पाठशाला में शिक्षण प्रदान करने वाले सम्मानीय शास्त्री तक सभी विदाई की इस बेला पर भावुक हो उठे। पंडित अंकित मडदेवरा शास्त्री ने जहाँ छोटे-छोटे बच्चों का मन मोह लिया और उनमें ज्ञान की अलख जगाई वहीं पंडित पंकज शास्त्री ने छहढाला के माध्यम से मानव जीवन के सच्चे अर्थों का व्याख्यान कर जीवन की उपयोगिता और नश्वरता से परिचय करवाया।
हेमलता जैन रचना ने बताया कि समापन के पूर्व शास्त्री के प्रवचन हुए तत्पश्चात पाठशाला के बच्चों द्वारा मंगलाचरण कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया गया। मंचासीन प्रबुद्धजनों ने अपने उद्बोधन दिए जिनमें मंदिर के अध्यक्ष नरेंद्र टोंग्या ने शिविर की सफलता में तन, मन, धन के साथ योगदान देने वाले समस्त कार्यकारिणी सदस्यों, पाठशाला में बच्चों का ज्ञानवर्धन करने वाली महिला मंडल की सदस्यों, समस्त प्रतिभागियों हेतु समुचित व्यवस्था करने में सहयोग प्रदान करने वाले सदस्यों सहित समस्त प्रतिभागियों और शास्त्री द्वय का आभार करते हुए तिलक, शॉल, श्रीफल से सम्मान किया।
शिविर में बड़ी संख्या में पूर्ण उत्साह से भाग लेने वाले लगभग 80 प्रतिभागियों को उपहार तथा प्रमाणपत्र प्रदान किये गए। मंच संचालन डॉ. पारुल जैन ने किया। समारोह के दौरान सम्पूर्ण वातावरण धार्मिक, गरिमामय और सकारात्मकता से परिपूर्ण था। अतिशीघ्र ही वृहद रूप में पुनः शिविर के आयोजन की भावना के साथ सभी ने विदा ली।