सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /  आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : ईरान और इजरायल के बीच चल रहे संघर्ष में अब अमेरिका की सैन्य कार्रवाई ने तनाव और बढ़ा दिया है। सोमवार सुबह अमेरिकी फाइटर जेट्स ने ईरान के तीन प्रमुख परमाणु ठिकानों पर बंकर-बस्टर बम गिराए। इसके जवाब में ईरान की सेना ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को सीधी चेतावनी देते हुए कहा, “आप इसे शुरू कर सकते हैं, लेकिन खत्म हम ही करेंगे।”

ईरान के खतम अल-अनबिया केंद्रीय मुख्यालय के प्रवक्ता ने एक वीडियो संदेश में ट्रंप को “गैंबलर” कहकर संबोधित किया और अमेरिका को ईरान की जवाबी कार्रवाई के लिए तैयार रहने को कहा। उन्होंने कहा कि अमेरिका की हालिया शत्रुतापूर्ण हरकतों का गंभीर अंजाम भुगतना पड़ेगा।

उधर, इजरायल ने दावा किया कि उसकी वायुसेना ने करमानशाह क्षेत्र में मिसाइल लॉन्चिंग पैड्स पर हमला किया है और उन्हें निष्क्रिय कर दिया है। इसमें 15 से अधिक लड़ाकू विमान शामिल थे।

अमेरिका की ओर से रक्षा सचिव पीट हेगसेथ ने कहा कि अमेरिका युद्ध नहीं चाहता, लेकिन ईरान की आक्रामकता के जवाब में सैन्य कार्रवाई की गई है। वहीं, ट्रंप ने दावा किया कि इस हमले से ईरान की परमाणु क्षमताएं नष्ट हो गई हैं, हालांकि अन्य अधिकारियों का मानना है कि असर का आकलन अभी करना जल्दबाजी होगा।

इस घटनाक्रम ने पश्चिम एशिया में शांति की संभावनाओं को और जटिल बना दिया है।

#ईरानअमेरिकातनाव #डोनाल्डट्रंप #ईरानकीचेतावनी #मध्यपूर्वयुद्ध #परमाणुसंघर्ष