सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : ममता बनर्जी की बढ़ी मुश्किलें, हाईकोर्ट के आदेश के उल्लंघन के आरोप में FIR दर्ज
पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। कोलकाता पुलिस ने 28 अगस्त को तृणमूल कांग्रेस छात्र परिषद (TMCP) के स्थापना दिवस कार्यक्रम के दौरान कलकत्ता हाईकोर्ट के निर्देशों के कथित उल्लंघन को लेकर ममता बनर्जी और कार्यक्रम के आयोजकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। मामला हेस्टिंग्स पुलिस थाने में दर्ज किया गया है।
पुलिस शिकायत के अनुसार, कोलकाता के कैथेड्रल रोड पर आयोजित कार्यक्रम के लिए हाईकोर्ट ने कुछ शर्तें निर्धारित की थीं। आरोप है कि कार्यक्रम के दौरान सड़क का वह हिस्सा भी घेर लिया गया, जिसे यातायात के लिए खुला रखने का निर्देश दिया गया था। इसके चलते सड़क पर यातायात प्रभावित हुआ। पुलिस ने यह भी आरोप लगाया है कि कार्यक्रम निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के बाद भी जारी रहा।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि कार्यक्रम में मौजूद कुछ समर्थकों ने पुलिस द्वारा लगाए गए बैरिकेड हटाए और पुलिसकर्मियों के साथ कथित तौर पर धक्का-मुक्की की। पुलिस के मुताबिक, इन्हीं घटनाओं और अदालत के निर्देशों के कथित उल्लंघन को आधार बनाकर मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, हेस्टिंग्स थाने में दर्ज मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 61(2), 223, 125(A), 132 और 285 लगाई गई हैं। मामले में ममता बनर्जी के साथ तृणमूल छात्र परिषद के कार्यक्रम आयोजकों को भी आरोपी बनाया गया है। पुलिस अब मामले की जांच कर रही है और संबंधित लोगों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है।
यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है जब पश्चिम बंगाल में राजनीतिक गतिविधियां तेज हैं। 28 अगस्त के कार्यक्रम में ममता बनर्जी ने अपने समर्थकों से राजनीतिक दबाव के आगे नहीं झुकने और पार्टी के साथ मजबूती से खड़े रहने की अपील की थी। उन्होंने दावा किया था कि तृणमूल कांग्रेस भविष्य में फिर सत्ता में लौटेगी।
एफआईआर दर्ज होने के बाद मामले ने राजनीतिक रंग भी ले लिया है। फिलहाल पुलिस की जांच इस बात पर केंद्रित है कि हाईकोर्ट के निर्देशों का उल्लंघन किस स्तर पर हुआ और कार्यक्रम में शामिल लोगों की इसमें क्या भूमिका थी। आगे की कार्रवाई जांच के निष्कर्षों के आधार पर तय की जाएगी।
Hashtags: #PoliticsAdministration #Bhopal #Desksource #ममत #बनर #Fir #DeskSource #एनएन #टवर #आईट