ITDC India e-Press / Agencies

महाराष्ट्र में हाल ही में हुई बेमौसम बारिश ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया है। इसी सिलसिले में वाशिम जिले के एक किसान गौरव पंवार का मार्मिक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया, जिसमें वह भारी बारिश के बीच अपनी मूंगफली की फसल को बचाने की कोशिश करते नजर आए। यह वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हुआ, जिसे देखकर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान भावुक हो उठे।

शिवराज सिंह चौहान ने किसान गौरव पंवार से फोन पर बात की और ढांढस बंधाया। उन्होंने कहा कि वह स्वयं एक किसान हैं और इस पीड़ा को अच्छे से समझते हैं। मंत्री ने किसान को भरोसा दिलाया कि सरकार उनकी हरसंभव मदद करेगी। शिवराज ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और राज्य के कृषि मंत्री से भी इस संबंध में बात की है। साथ ही उन्होंने संबंधित जिले के कलेक्टर से भी नुकसान के आकलन और त्वरित सहायता के निर्देश दिए हैं।

शिवराज सिंह ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर पंवार से हुई बातचीत का वीडियो साझा करते हुए लिखा—”महाराष्ट्र के किसान गौरव पंवार का मार्मिक वीडियो देखकर हृदय विचलित हो गया। असमय बारिश ने मंडी में रखी उनकी मूंगफली की फसल को बर्बाद कर दिया। मैंने गौरव जी से फोन पर बात की और उन्हें आश्वस्त किया कि नुकसान की भरपाई की जाएगी।”

यह घटना न केवल एक किसान की पीड़ा को उजागर करती है, बल्कि यह भी बताती है कि सरकार संकट की घड़ी में किसानों के साथ खड़ी है।

#शिवराजसिंहचौहान #कृषिमंत्री #किसानसमस्या #फसलनुकसान #महाराष्ट्रकिसान #बेमौसमबारिश #कृषिआश्वासन