सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस  /   आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल  /   नई दिल्ली :  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को चीन के टियांजिन में आयोजित शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) शिखर सम्मेलन में आतंकवाद पर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि इस वैश्विक चुनौती पर किसी भी तरह का दोहरापन स्वीकार्य नहीं होगा। इस दौरान पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग भी मौजूद थे।

मोदी ने कहा कि आतंकवाद केवल किसी देश की सुरक्षा ही नहीं बल्कि पूरी मानवता के लिए खतरा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आतंकवाद पर दोहरे मापदंड नहीं चलेंगे। प्रधानमंत्री ने हाल ही में पहलगाम में हुए आतंकी हमले का जिक्र करते हुए इसे मानवता के खिलाफ खुली चुनौती बताया और भारत के साथ खड़े होने वाले मित्र देशों का आभार जताया।

सम्मेलन के बाद जारी एससीओ घोषणा पत्र में भी आतंकवाद की कड़ी निंदा की गई और सीमा पार आतंकवाद पर विशेष चिंता जताई गई। इसमें कहा गया कि आतंकी संगठनों के इस्तेमाल को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आतंकवाद पर दोहरे मापदंड स्वीकार्य नहीं होंगे। इसे भारत की कूटनीतिक जीत के तौर पर देखा जा रहा है।

प्रधानमंत्री मोदी ने एससीओ मंच से अल-कायदा जैसे आतंकी संगठनों पर संयुक्त कार्रवाई की मांग की। साथ ही, चाबहार पोर्ट और इंटरनेशनल नॉर्थ-साउथ ट्रांसपोर्ट कॉरिडोर का उल्लेख करते हुए कनेक्टिविटी प्रयासों में संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता के सम्मान पर जोर दिया।

उन्होंने वैश्विक संस्थानों में सुधार की आवश्यकता रेखांकित करते हुए कहा कि ग्लोबल साउथ की आकांक्षाओं को पुराने ढांचों में कैद रखना अन्याय है।

#एससीओ #प्रधानमंत्रीमोदी #आतंकवाद #भारत #पाकिस्तान