सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल / नई दिल्ली : नवनिर्वाचित उपराष्ट्रपति चंद्रपुरम पोन्नुसामी राधाकृष्णन ने शुक्रवार को राष्ट्रपति भवन में देश के 15वें उपराष्ट्रपति पद की शपथ ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, कई राज्यों के मुख्यमंत्री सहित पूर्व उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी और वेंकैया नायडू मौजूद रहे।
विशेष बात यह रही कि स्वास्थ्य कारणों से इस्तीफा देने के 53 दिन बाद पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ पहली बार किसी सार्वजनिक कार्यक्रम में नजर आए। वे समारोह के दौरान वेंकैया नायडू के पास बैठे दिखे।
राधाकृष्णन ने शपथ अंग्रेजी भाषा में ईश्वर के नाम पर ली। समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। शपथ ग्रहण के तुरंत बाद उन्होंने राज्यसभा के अधिकारियों और नेताओं के साथ दोपहर 12:30 बजे बैठक करने का कार्यक्रम तय किया।
उप-राष्ट्रपति चुने जाने से एक दिन पहले उन्होंने महाराष्ट्र के राज्यपाल पद से इस्तीफा दिया था। राष्ट्रपति भवन ने उनके इस्तीफे की पुष्टि करते हुए गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत को महाराष्ट्र का अतिरिक्त प्रभार सौंपा।
9 सितंबर को हुए चुनाव में एनडीए उम्मीदवार राधाकृष्णन को विपक्षी उम्मीदवार बी. सुदर्शन रेड्डी के खिलाफ 452 वोट मिले। उन्होंने रेड्डी को 152 वोटों के अंतर से हराया। कुल 781 सांसदों में से 767 ने मतदान किया और 752 वोट वैध पाए गए। दिलचस्प बात यह रही कि एनडीए के पास 427 वोट होने के बावजूद राधाकृष्णन को 14 वोट अधिक मिले, जिससे विपक्षी खेमे में क्रॉस-वोटिंग की चर्चा तेज हो गई है।
#सीपीराधाकृष्णन #उपराष्ट्रपति #शपथग्रहण #द्रौपदीमुर्मू #जगदीपधनखड़