मुंबई। दिवाली के त्योहार से पहले महाराष्ट्र में मिलावट और खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन के खिलाफ खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने राज्यव्यापी अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की है। 4 और 5 नवंबर को किए गए विशेष निरीक्षण के दौरान विभाग ने 105 खाद्य कारोबारियों के लाइसेंस निलंबित कर दिए, जबकि सात प्रतिष्ठानों को कारोबार बंद करने का आदेश दिया गया। इस अभियान में 69 से अधिक प्रतिष्ठानों से करीब 1.35 करोड़ रुपये मूल्य के खाद्य पदार्थ जब्त किए गए।
39 हजार किलो से अधिक खाद्य सामग्री जब्त FDA के अनुसार, कुल 39,485 किलो से अधिक खाद्य सामग्री जब्त की गई। इसमें मावा, खोया, पनीर, घी, खाद्य तेल, फरसाण, सूखे मेवे और विभिन्न प्रकार की मिठाइयां शामिल हैं। अधिकारियों ने उत्पादन और भंडारण की अस्वच्छ स्थिति, खाद्य पदार्थों की अनुचित पैकिंग, कीट नियंत्रण की कमी और तापमान प्रबंधन की व्यवस्था नहीं होने जैसी अनियमितताएं पाईं।
मुंबई में 28 लाइसेंस निलंबित राज्य में निलंबित लाइसेंसों में नासिक मंडल के 39, मुंबई के 28, पुणे के 20, अमरावती के 15, छत्रपति संभाजीनगर के दो और ठाणे का एक प्रतिष्ठान शामिल है। मुंबई में ब्लिंकिट और जेप्टो से जुड़े कारोबारियों के लाइसेंस भी निलंबित किए गए। इसके अलावा मिठाई दुकानों, होटल, रेस्टोरेंट और खाद्य निर्माताओं पर भी कार्रवाई हुई।
प्रतिबंधित उत्पादों पर भी कार्रवाई अभियान के दौरान गुटखा और पान मसाला जैसे प्रतिबंधित उत्पादों का करीब 7.96 लाख रुपये का स्टॉक भी जब्त किया गया। इस संबंध में तीन एफआईआर दर्ज की गईं और दो लोगों को गिरफ्तार किया गया। दो वाहन भी जब्त किए गए।
FDA ने स्पष्ट किया है कि जिन प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित किए गए हैं, वे निलंबन अवधि में खाद्य कारोबार नहीं कर सकेंगे। विभाग ने त्योहारों के दौरान मिलावट और खाद्य सुरक्षा नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखने की चेतावनी दी है।
Hashtags: #MumbaiCity #Bhopal #दिवाली #पहले #Fda #बड़ी #कार्रवाई #105 #लाइसेंस #दिवालीसेपहलेFDA