ITDC India e-Press / Agencies

BMC में 695 इंजीनियरों का ऑनलाइन लॉटरी से तबादला, पोस्टिंग में पारदर्शिता की पहल

मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने इंजीनियरों के तबादलों में कथित लेनदेन और राजनीतिक हस्तक्षेप के आरोपों के बीच बड़ा प्रशासनिक कदम उठाया है। महानगरपालिका ने ऑनलाइन रैंडमाइजेशन प्रणाली के जरिए 695 इंजीनियरों का तबादला किया है। इस प्रक्रिया का उद्देश्य पोस्टिंग में पारदर्शिता बढ़ाना और मानवीय हस्तक्षेप की गुंजाइश कम करना है। इसके तहत 152 जूनियर इंजीनियर, 444 सब-इंजीनियर और 99 असिस्टेंट इंजीनियरों को नई जिम्मेदारियां दी गई हैं।

ऑनलाइन सिस्टम से तय हुई पोस्टिंग BMC ने इस प्रक्रिया के लिए ‘एम्प्लॉयी ट्रांसफर सिस्टम बेस्ड ऑन रैंडमाइजेशन’ नाम की कंप्यूटर आधारित व्यवस्था लागू की। पात्र इंजीनियरों को अपनी पसंद के एक से पांच विभागों या स्थानों का विकल्प ऑनलाइन देने की सुविधा दी गई थी। कुल 1,695 पात्र इंजीनियरों में से 836 ने निर्धारित समय में अपनी प्राथमिकताएं दर्ज कराईं। उपलब्ध रिक्तियों, विभागीय जरूरतों और कर्मचारियों की पसंद के आधार पर तबादले किए गए।

पिछले साल लगे थे पैसे लेकर पोस्टिंग देने के आरोप यह कदम पिछले वर्ष सामने आए तबादला विवाद के बाद उठाया गया है। अक्टूबर 2025 में 160 से अधिक इंजीनियरों के तबादले के आदेश जारी होने पर भाजपा विधायक अमित साटम और आरटीआई कार्यकर्ता अनिल गलगली ने कथित पैसे लेकर मनचाही पोस्टिंग देने के आरोप लगाए थे। साटम ने आरोप लगाया था कि अनुकूल पोस्टिंग के लिए 5 लाख से 40 लाख रुपये तक मांगे जा रहे हैं। विवाद के बाद तत्कालीन प्रशासन ने तबादलों पर रोक लगाई और कई आदेश रद्द कर दिए थे।

अब नियमित तबादले ऑनलाइन होंगे अतिरिक्त नगर आयुक्त अविनाश धाकने के अनुसार, अधिकांश इंजीनियरों को उनकी पसंद के स्थान मिले हैं। प्रशासन ने संकेत दिया है कि भविष्य में नियमित तबादले ऑनलाइन प्रणाली से ही किए जाएंगे, जबकि बीच कार्यकाल में होने वाले विशेष तबादले अपवाद होंगे। दिव्यांगता और चिकित्सकीय कारणों से तबादले के आवेदन ऑफलाइन भी स्वीकार किए जाएंगे। BMC प्रशासन को उम्मीद है कि नई व्यवस्था से तबादलों में निष्पक्षता बढ़ेगी और पोस्टिंग को लेकर होने वाली शिकायतों पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।


Hashtags: #MumbaiCity #Bhopal #Bmc #695 #इंजीनियरों #ऑनलाइन #लॉटरी #तबादला #पोस्टिंग #BMCमें695इंजीनियरों