सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल: गैस पीड़ितों व अन्य मरीजों को उत्कष्ट चिकित्सा उपलब्ध कराने के लिए भोपाल मेमोरियल अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र (बीएमएचआरसी) में मशीनों व उपकरणों को अपग्रेड किया जा रहा है। अस्पताल में मोतियाबिंद के दर्द रहित ऑपरेशन में सहायक फेको मशीन आ गई है।
पेट संबंधी विभिन्न बीमारियों की जांच व इलाज के लिए आवश्यक एंडोस्कोपी मशीन, ब्रेन ट्यूमर की सर्जरी के लिए आवश्यक क्यूसा मशीन व विभिन्न ऑपरेशन के लिए जरूरी सी—आर्म मशीन भी अस्पताल में आ गई हैं।
बीएमएचआरसी की प्रभारी निदेशक डॉ मनीषा श्रीवास्तव ने बताया कि बीएमएचआरसी में ये सभी मशीनें पहले भी उपलब्ध थीं, लेकिन इनमें से कुछ या तो बहुत पुरानी हो चुकी थीं या खराब हो चुकी थीं। इसी वजह से नई मशीनों को खरीदने की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। अब मोतियाबिंद की सर्जरी में आवश्यक एडवांस्ड फेको मशीन आ गई है। इस मशीन के जरिए बहुत छोटे से चीरे के माध्यम से ही आंखों का ऑपरेशन हो जाता है, इसलिए मरीज को ऑपरेशन के बाद न के बराबर ही दर्द होता है और अस्पताल से जल्दी डिस्चार्ज भी हो जाता है।
यह मशीन एरर प्रूफ भी है। ऑपरेशन के दौरान यह सर्जन को कोई गलती करने से रोक देता है। डॉ श्रीवास्तव ने बताया कि पेट से संबंधित विभिन्न बीमारियों की जांच व इलाज के जरूरी एंडोस्कोपी मशीन भी आ गई है। नई एंडोस्कोपी मशीन अत्याधुनिक है। इससे न सिर्फ पेट और आंतों से संबंधित विभिन्न जांचें जैसे एंडोस्कोपी, कोलोनोस्कोपी, सिग्मोइडोस्कोपी हो सकेंगी, बल्कि सीबीडी स्टोन और गॉल ब्लैडर, पैंक्रियाज़, लीवर की बीमारियों के इलाज के लिए ईआरसीपी प्रक्रिया भी आसानी से हो सकेगी। ब्रेन ट्यूमर निकालने में मददगार साबित होने वाली क्यूसा मशीन भी खरीद ली गई है। इसके अलावा दो सी—आर्म मशीन भी आ गई हैं।
सी-आर्म मशीन का उपयोग ऑपरेशन थिएटर में सर्जिकल प्रक्रियाओं के लिए किया जाता है, जिससे सर्जन को ऑपरेशन की सही जगह की इमेजिंग देखने को मिलती है। किडनी स्टोन के ऑपरेशन में काम आने वाली लिथोट्रिप्सी मशीन व सर्जरी के दौरान काम आने वाली हार्मोनिक स्केल्पल मशीन भी आ गई है।
बीएमएचआरसी में आई ये नई मशीनें, एंडोस्कोप मशीन, फेको मशीन, क्यूसा मशीन, सी—आर्म, लिथोट्रिप्सी मशीन, हार्मोनिक स्केल्पल |
ये मशीनें पहले ही आ चुकी है
ईएमजी—एनसीवी मशीन, डिजिटल ईईजी वीडियो मशीन, ब्लड बैंक रेफ्रिजरेटर,स्टीम एस्टालाइजर, लेजर डायोड मशीन |