सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : बिहार के सारण जिले के नीरज कुमार सिंह ने सीमित आर्थिक परिस्थितियों से निकलकर अमेरिका में उच्च शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। नीरज को यूनिवर्सिटी ऑफ मैसाचुसेट्स लोवेल में एजुकेशनल लीडरशिप विषय में पीएचडी के लिए पूरी तरह वित्तपोषित छात्रवृत्ति मिली है। इसकी पूरी अवधि की अनुमानित वित्तीय सहायता करीब 2.6 करोड़ रुपये बताई गई है। नीरज सारण जिले के पानापुर प्रखंड के सतजोरा गांव के रहने वाले हैं। उनके पिता पान की दुकान चलाते हैं। आर्थिक चुनौतियों के बावजूद नीरज ने अपनी पढ़ाई जारी रखी। दसवीं के बाद स्थानीय लोगों और शुभचिंतकों की मदद से उन्होंने शिक्षा पूरी की। इसके बाद उन्होंने जय प्रकाश विश्वविद्यालय से बीएससी और राजीव गांधी राष्ट्रीय युवा विकास संस्थान से मास्टर ऑफ सोशल वर्क किया।
वर्ष 2017 में नेहरू युवा केंद्र से जुड़ने के बाद नीरज ने युवा विकास, स्वास्थ्य, शिक्षा और सामुदायिक विकास से जुड़े कई प्रोजेक्ट पर काम किया। उन्होंने भारत के अलावा कई एशियाई देशों में भी युवा और सामुदायिक कार्यक्रमों से जुड़े कार्य किए। इस अनुभव ने उन्हें शिक्षा और सामाजिक विकास के क्षेत्र में शोध की ओर आगे बढ़ाया। पीएचडी के दौरान नीरज को विश्वविद्यालय में टीचिंग असिस्टेंट की जिम्मेदारी भी मिली है। छात्रवृत्ति में ट्यूशन फीस, स्वास्थ्य बीमा और नियमित स्टाइपेंड शामिल है। उनका शोध बहुभाषी शिक्षा, शिक्षा में समानता और समावेशी शिक्षा जैसे विषयों पर केंद्रित है। नीरज भविष्य में शिक्षा और अनुसंधान के क्षेत्र में प्राध्यापक के रूप में काम करना चाहते हैं।
Hashtags: #Education #Bhopal #Desksource #Phd #एनएन #टवर #DeskSource #आईट #कलकर #उपलब