सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : कलेक्टर प्रियंक मिश्रा के निर्देशन में भोपाल जिले में नशीले पदार्थों की रोकथाम तथा अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से अपर कलेक्टर श्री महेंद्र सिंह कवचे की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय एनकॉर्ड समिति की बैठक आयोजित की गई।

अपर कलेक्टर कवचे ने जिले में मादक पदार्थों की तस्करी एवं अन्य अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए विभागवार कार्ययोजना की समीक्षा की। उन्होंने सभी शासकीय महाविद्यालयों में गठित एंटी ड्रग कमेटियों की नियमित बैठकें आयोजित करने और विद्यार्थियों के लिए जागरूकता कार्यक्रम संचालित करने के निर्देश दिए। साथ ही, सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स के सहयोग से युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने को कहा।

अपर कलेक्टर ने ड्रग इंस्पेक्टर को संदिग्ध एवं नियमों का उल्लंघन करने वाले मेडिकल स्टोर्स का डेटाबेस तैयार कर नियमित जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिले के नशा मुक्ति केंद्रों के लिए ऑनलाइन ट्रैकिंग सॉफ्टवेयर विकसित करने को भी कहा, जिससे केंद्रों में उपचार एवं पुनर्वास संबंधी गतिविधियों की प्रभावी निगरानी की जा सके।

बैठक में नारकोटिक ड्रग्स एवं साइकोट्रॉपिक पदार्थों की अवैध तस्करी की रोकथाम, विभागों के बीच नियमित सूचना के आदान-प्रदान, अंतरजिला एवं अंतरराज्यीय मामलों में संयुक्त जांच तथा संदिग्ध विक्रेताओं के विरुद्ध कठोर कार्रवाई पर विस्तृत चर्चा की गई। एनसीबी द्वारा पुलिस, आबकारी एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने का भी निर्णय लिया गया। जिले के सभी शासकीय एवं निजी नशा मुक्ति केंद्रों की सूची अद्यतन रखने तथा उनका नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

अपर कलेक्टर कवचे ने स्कूलों एवं महाविद्यालयों में नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों के संबंध में व्यापक जागरूकता अभियान संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों एवं कार्रवाई की प्रक्रिया के संबंध में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक प्रशिक्षण प्रदान करने को भी कहा।

उन्होंने छात्रावासों के आसपास स्थित बंद कारखानों की जांच करने तथा रासायनिक पदार्थों का निर्माण करने वाली कंपनियों में नियमित निरीक्षण एवं निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। बैठक में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से एनसीबी भोपाल के अधिकारियों ने भी आवश्यक सुझाव एवं दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में एसपी आईबी भोपाल श्री पुनीत गोविल, एडीसीपी क्राइम श्री शैलेंद्र सिंह चौहान, आरटीओ जितेंद्र शर्मा, नशा मुक्ति अभियान के राज्य स्तरीय मास्टर ट्रेनर राजीव तिवारी सहित स्वास्थ्य, सामाजिक न्याय विभाग, स्वयंसेवी संस्थाओं एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।


Hashtags: #MadhyaPradeshState #Bhopal #Desksource #एनएन #टवर #आईट #DeskSource #करन #अपर #कवच