सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्कआईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : भोपाल में 1 अप्रैल से प्रॉपर्टी की नई गाइडलाइन लागू हो सकती है। कुल 1443 लोकेशन पर एवरेज 7.19% वृद्धि का प्रस्ताव है। चार दिन में 20 सुझाव आए हैं। इन पर चर्चा के लिए आज मीटिंग होगी। वहीं, कोलार रोड के रहवासी इलाकों में रेट बढ़ाए जाने का विरोध भी है। बावजूद गाइडलाइन में कोई खास बदलाव होने की संभावना नहीं है।

बता दें कि भोपाल में कुल 3900 लोकेशन हैं। इनमें शहर में 3110 और ग्रामीण क्षेत्रों में 790 लोकेशन हैं। नई प्रस्तावित गाइडलाइन में कुल 1443 लोकेशन में गाइड लाइन बढ़ाने का प्रस्ताव है। जिनमें शहरी क्षेत्र में 1228 और ग्रामीण क्षेत्र में 215 लोकेशन शामिल हैं। जिला मूल्यांकन समिति ने प्रस्तावित गाइडलाइन पर चार दिन तक सुझाव मांगे थे। इस पर कुल 20 सुझाव आए हैं। इस पर सोमवार को मंथन किया जाएगा। इसके बाद 1 अप्रैल से नई गाइडलाइन लागू कर दी जाएगी। नई गाइडलाइन के बाद जमीन, मकान की खरीद-फरोख्त में लोगों को स्टॉम्प ड्यूटी के रूप में ज्यादा कीमत चुकानी पड़ेगी। यानी, प्रॉपर्टी महंगी हो जाएगी।

इन इलाकों में सबसे ज्यादा रेट बढ़ेंगे

कोलार, सलैया, अयोध्या बाइपास और मिसरोद में 25% से लेकर 94% तक रेट बढ़ेंगे। हालांकि, कोलार रोड के रहवासी इलाकों में रेट बढ़ने का विरोध भी सामने आया है। लोगों ने आपत्ति ली है। बावजूद रेट कम होने की संभावना कम ही है।

सबसे ज्यादा मिसरोद के कोरल वुड्स में मुख्य मार्ग पर प्रॉपर्टी के रेट बढ़ाए गए हैं। यहां पर प्रति वर्ग मीटर 94% की बढ़ोतरी की गई है। पहले यहां रहवासी प्लाट की कीमत 44 हजार रुपए वर्ग मीटर थी, जो अब नई दरों में 70 हजार रुपए/ वर्ग मीटर होने जा रही है।

मिसरोद वार्ड 52 के दृष्टि ऐनक्लेव, बावड़िया कलां में 44.23%, होशंगाबाद रोड पर चिनार सफायर में 42.04%, कोलार के कान्हा कुंज ग्राम गेहूंखेड़ा में 42.04%, अयोध्या नगर में हाउसिंग बोर्ड के सभी फेज 40.10%, अयोध्या नगर के सुरभि परिसर में 40%, मिसरोद वार्ड 52 में होशंगाबाद रोड से हटकर कम्फर्ट ऐनक्लेव, खनूजा ऐनक्लेव और लक्ष्मी परिसर में 38.88% की बढ़ोतरी प्रस्तावित है।

अयोध्या नगर वार्ड 68 के भवानी कैंपस में 37.5% और कोलार वार्ड 81 के कान्हा कुंज ग्राम बैरागढ़ चीचली में भी 37.5 फीसदी की वृद्धि प्रस्तावित है।

बावड़िया कलां की क्रिस्टल स्मार्ट सिटी और डी के 24 कैरेट 36.36% की बढ़ोतरी की गई है।

गाइडलाइन बढ़ाने का इसलिए फैसला

जिन इलाकों में ज्यादा रेट बढ़ाए जाना प्रस्तावित हैं, वहां या तो बड़े इन्फ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट चल रहे हैं या फिर प्रस्तावित हैं।

मुख्य रूप से कोलार में सिक्स लेन, अयोध्या नगर में 10 लेन रोड प्रोजेक्ट और 100 बेड वाले अस्पताल का निर्माण, भानपुर खंती का खत्म होना प्रमुख कारण हैं।

होशंगाबाद रोड पर डबल डेकर फ्लाई ओवर, सलैया व में नए आरओबी और अधिक रजिस्ट्री होना मुख्य कारण हैं।

ये भी जानें

1443 लोकेशन पर गाइडलाइन बढ़ेगी।

बाकी बची 2457 लोकेशन पर गाइडलाइन नहीं बढ़ाई जाएगी।

22 नई कॉलोनियों को लोकेशन में जोड़ा जाएगा। ये कॉलोनी शहरी से बाहर और ग्रामीण क्षेत्रों में शामिल हैं।

कोलार रोड, होशंगाबाद रोड, कटारा, अवधपुरी, अयोध्या बायपास, बैरागढ़, रायसेन रोड, मिसरोद, बावड़ियाकलां, अरेरा कॉलोनी समेत कई पॉश इलाकों में गाइडलाइन बढ़ाने का प्रस्ताव है।

पिछली बार भी सुझाव मिले थे

बता दें कि पिछले साल कुल 5 सुझाव मिले थे। बावजूद प्रस्तावित गाइडलाइन को पूरी तरह से लागू कर दिया गया था। इस बार 20 सुझाव मिले हैं। ऐसे में गाइडलाइन में परिवर्तन की संभावना कम ही है।