सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल: बरकतउल्ला विश्वविद्यालय के पर्यावरण एवं सरोवर विज्ञान विभाग में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अवसर पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया |
इस अवसर पर प्रथम दिवस विभाग के छात्रों को बेतवा नदी के उद्गम स्थल पर ले जाया गया एवं एक रिवर वॉक संपन्न कराई गई. इस रिवर वॉक में छात्रों, शोधार्थियों एवं शिक्षकों ने बेतवा नदी के किनारे करीब 2 किलोमीटर की दूरी पैदल तय की | इस गतिविधि के दौरान छात्रों ने नदी की संरचना, इसकी विभिन्न सतह, विभिन्न सतह पर मिलने वाली जैव विविधता,नदी के कैचमेंट एरिया, नदी को प्रभावित करने वाली मानवीय गतिविधियों को देखा और जाना |
वॉक के दौरान छात्रों ने नदी के आसपास, लोगों द्वारा फैलाये प्लास्टिक एवं अन्य कचरे को एकत्रित कर शहर लाकर उचित तरीके से कूड़ेदान में डाला. कार्यक्रम के दूसरे दिवस छात्रों को रिवर वॉक के दौरान एकत्रित किए गए जैव विविधता के नमूने जैसे कि फिलामेंटस एलगि, जलीय जीव-जंतु का विश्लेषण विभाग की प्रयोगशाला में माइक्रोस्कोप द्वारा कराया गया |
यह आयोजन पर्यावरण एवं सरोवर विज्ञान विभाग, बरकतउल्ला विश्वविद्यालय एवं पर्यावरण नियोजन एवं समन्वय संगठन (एप्को) भोपाल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया. इस कार्यक्रम में प्रो. विपिन व्यास, संकाय अध्यक्ष, जीव विज्ञान संकाय, और डॉ. अभिलाषा भावसार, विभागाध्यक्ष, पर्यावरण एवं सरोवर विज्ञान विभाग व्यक्तिगत रूप से उपस्थित रहे |