सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल: भोपाल के प्रशासन अकादमी में चल रही उप जिला निर्वाचन अधिकारियों और सहायक रिटर्निंग अधिकारियों की ट्रेनिंग के दौरान फोटो सेशन हुआ, जिसमें मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन भी मौजूद रहे।
लोकसभा चुनाव की तैयारियों के लिए प्रदेश के 300 उप जिला निर्वाचन अधिकारियों और सहायक रिटर्निंग अफसर (एआरओ) को ट्रेनिंग देने और उनकी परीक्षा लेने का काम एक मार्च को पूरा हो जाएगा। इस प्रशिक्षण के पहले चरण में डेढ़ सौ अफसरों को ट्रेनिंग दी जा चुकी है जबकि इतने ही अफसरों को ट्रेंड करने का काम अभी जारी है। प्रशिक्षण के दौरान इन अधिकारियों को साफ कहा जा रहा है कि मतदान दलों को दी जाने वाली एएसडी (एबसेंट, शिफ्टेड और डेथ) लिस्ट में नामों की डुप्लीकेसी नहीं होना चाहिए।
प्रशासन अकादमी में दूसरे चरण की ट्रेनिंग 26 फरवरी से शुरू हुई है जो 1 मार्च को खत्म होगी। इस प्रशिक्षण में शामिल अफसरों को आचार संहिता लागू होने के बाद एमसीसी (माडल कोड आफ कंडक्ट) के पालन, एमसीएमसी, वीवीपीएटी, ईवीएम के साथ नामांकन जमा करने की प्रक्रिया के अंतर्गत नामिनेशन, स्क्रूटनी, नाम वापसी, सिंबल एलाटमेंट की प्रक्रिया के बारे में जानकारी देकर विधानसभा चुनाव के दौरान अपनाई गई प्रक्रिया को रिवाइज करने का काम किया जा रहा है।
इस प्रशिक्षण में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन ने अधिकारियों से कहा है कि चुनाव के दौरान मतदान केंद्रों में रवाना होने के पहले जिला निर्वाचन अधिकारी की ओर से एएसडी लिस्ट मतदान दलों को सौंपी जाती है। प्रशिक्षण ले रहे अधिकारी यह ध्यान रखेंगे कि एएसडी लिस्ट में शामिल नामों की डुप्लीकेसी नहीं होना चाहिए ताकि मतदान कराने के दौरान किसी तरह का व्यवधान न हो सके। इसलिए इस लिस्ट को तैयार करने में पूरी सावधानी बरतने की जरूरत है।
कल होगी परीक्षा, 38 क्वेश्चन के सही जवाब देना होंगे
ट्रेनिंग के समापन के लिए एक मार्च आखिरी तारीख है। इसी दिन प्रशिक्षण ले रहे अफसरों को चुनाव आचार संहिता, चुनाव प्रक्रिया समेत अन्य चुनावी मामलों में दी गई ट्रेनिंग के आधार पर कुल 50 प्रश्नों में से 38 प्रश्नों के सही जवाब देना जरूरी है। 76 प्रतिशत से कम क्वेश्चन हल करने पर संबंधित अधिकारी को फिर परीक्षा देना होगी या फिर उनसे एआरओ का काम नहीं लिया जाएगा।