सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : एम्स भोपाल के प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग में इनफर्टिलिटी क्लीनिक का उद्घाटन हुआ, जो गर्भधारण में चुनौतियों का सामना करने वाले जोड़ों के लिए स्वास्थ्य सेवा प्रावधान में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा ।
एम्स भोपाल के कार्यपालक निदेशक अजय सिंह ने निःसंतान दंपतियों के लिए समर्पित सेवाओं की शुरुआत करने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए क्लीनिक का औपचारिक रूप से उद्घाटन किया। सिंह ने इनफर्टिलिटी की समस्या से जूझ रहे जोड़ों के लिए जरूरी परामर्श के महत्व को बताते हुए पुरुष साथी में इनफर्टिलिटी का समय पर मूल्यांकन करने को कहा ।
उन्होंने बांझपन सेवाएं प्रदान करने में प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग द्वारा अपनाए गए बहु-विषयक दृष्टिकोण पर प्रकाश डालते हुए यूरोलॉजी, एंडोक्रिनोलॉजी, एनाटॉमी-भ्रूण विज्ञान और पैथोलॉजी और लैब मेडिसिन सहित विभिन्न विभागों के सहयोगात्मक प्रयासों की सराहना की। उन्होंने आउटरीच एक्टिविटीज बढ़ा कर ज्यादा से ज्यादा युवाओं को सेंसिटाइज़ करने पर जोर दिया।
इस अवसर पर इनफर्टिलिटी क्लीनिक के उद्घाटन के साथ-साथ, महिला बांझपन पर एक सार्वजनिक जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य उपलब्ध सेवाओं के बारे में लोगों को शिक्षित करना था जिससे वे इन सुविधाओं का लाभ ले सकें । प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग की प्रमुख और आयोजन अध्यक्ष के. पुष्पलता ने सभी उपस्थित लोगों का गर्मजोशी से स्वागत किया और निःसंतान दंपतियों को व्यापक सेवाएं प्रदान करने में क्लीनिक की भूमिका पर जोर दिया। उन्होंने अजय सिंह के दूरदर्शी नेतृत्व और समर्थन के लिए गहरा आभार व्यक्त किया, जिससे उन्नत बांझपन सेवाएं लोगों को मिल सकेंगी और आनेवाले समय में शीघ्र ही एम्स भोपाल में इन विट्रो फर्टिलाइजेशन (आईवीएफ) की शुरूआत हो सकेगी ।
प्रसूति एवं स्त्री रोग ओपीडी परिसर के भीतर स्थित, इनफर्टिलिटी क्लीनिक सोमवार से शनिवार तक संचालित होता है। क्लीनिक का लक्ष्य शहर और पड़ोसी क्षेत्रों में जरूरतमंद लोगों तक अपनी पहुंच का विस्तार करते हुए, निकट और दूर के रोगियों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करना है।