सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : एम्स भोपाल में अंतर्राष्ट्रीय बाल्यावस्था कैंसर दिवस मनाया गया। यह बचपन के कैंसर के बारे में जागरूकता बढ़ाने और कैंसर से पीड़ित बच्चों और किशोरों, सरवाइवर्स और उनके परिवारों के लिए समर्थन व्यक्त करने के लिए एक वैश्विक सहयोगात्मक अभियान है। एम्स भोपाल के बाल रोग विभाग द्वारा एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
एम्स भोपाल के कार्यपालक निदेशक अजय सिंह ने कैंसर से पीड़ित बच्चों की देखभाल के लिए बाल रोग विभाग और अन्य विभागों को बधाई दी। प्रो. सिंह ने मध्य प्रदेश और मध्य भारत के आसपास के क्षेत्रों के लोगों को बचपन के कैंसर के बारे में किसी भी प्रकार की जानकारी प्रदान करने के लिए 24×7 हेल्पलाइन नंबर 8370001226 का भी उद्घाटन किया। इसके द्वारा इंडियन पीडियाट्रिक हेमेटोलॉजी ऑन्कोलॉजी ग्रुप (InPHOG) और कैनकिड्स-किड्सकैन के पास उपलब्ध मैपिंग के अनुसार निकटतम उपचार केंद्र का पता लगाने में भी मदद मिल सकेगी ।
उन्होंने बचपन के कैंसर से बचे लोगों के माता-पिता के लिए एक परामर्श कार्यक्रम “वी कैन टुगेदर” भी लॉन्च किया। एम्स भोपाल का हैप्पीनेस डिपार्टमेंट भविष्य में इस अवधारणा को आगे बढ़ाने के लिए कार्य करेगा । उन्होंने इस समूह के लिए काम का दायरा बढ़ाने के लिए अधिक से अधिक अभिभावकों को शामिल करने के लिए बाल चिकित्सा विभाग को जरूरी निर्देश दिए ।
पीडियाट्रिक हेमेटोलॉजिस्ट ऑन्कोलॉजिस्ट नरेंद्र चौधरी के अनुसार, “वी कैन टुगेदर” समूह नए मरीज के माता-पिता को बुरी परिस्थितियों को स्वीकार करने, विकल्पों को साहसपूर्वक समझने और उपचार करने वाली टीम के साथ चर्चा के बाद उनके उपचार के बारे में उचित निर्णय लेने के लिए मार्गदर्शन भी करेगा। इस प्रयास से निदान करने से इनकार करने, इलाज करने से इनकार करने और इलाज छोड़ने में कमी आने की संभावना है, जो भारत में अत्यधिक इलाज योग्य बचपन के कैंसर के खराब परिणामों के सबसे बड़े कारणों में से एक है ।
इससे पहले बाल चिकित्सा विभाग की प्रमुख प्रोफेसर शिखा मलिक ने अतिथियों का स्वागत किया और एम्स भोपाल में कैंसर से पीड़ित बच्चों के लिए प्रदान की जा रही सेवाओं की जानकारी दी। विभाग ने कैंसर से पीड़ित करीब 700 बच्चों का पंजीकरण किया है। वर्तमान में लगभग 120 बच्चों का महीनों तक चलने वाला उपचार चल रहा है और 80 से अधिक बच्चों ने सफलतापूर्वक उपचार पूरा कर लिया है।
कैंसर पीड़ित बच्चों ने विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियां भी प्रस्तुत कीं। कैंसर से पीड़ित बच्चों की बहुमूल्य सेवा के लिए पर पीड़ा हर सोसायटी के अध्यक्ष राधेश्याम साबू और समर्थकों मनीष विजयराज को सम्मानित किया गया। सुश्री मंजू धाकड़, नर्सिंग अधिकारी को बाल चिकित्सा ऑन्कोलॉजी नर्सिंग सेवाओं में सर्वश्रेष्ठ शिक्षार्थी के लिए सम्मानित किया गया। सर्वश्रेष्ठ उत्साही टीम सदस्य का पुरस्कार बाल चिकित्सा ऑन्कोलॉजी शिक्षक सुश्री भारती चौरसिया को दिया गया। कैंसर पीड़ित बच्चों के बीच आयोजित पोस्टर प्रतियोगिता के विजेताओं को अतिथियों द्वारा पुरस्कृत किया गया। तमाम विपरीत परिस्थितियों के बावजूद अपने विद्यालय में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले तीन बच्चों को भी सम्मानित किया गया।