सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल: एम्स भोपाल ने संस्थान के स्थापना दिवस के अवसर पर अपना पूर्व छात्र सम्मेलन, राइज – रीकनेक्ट, इंस्पायर, शेयर एंड एनरिच की थीम पर मनाया। इस कार्यक्रम में विभिन्न बैचों के पूर्व छात्र उपस्थित रहे। पुरानी यादों को ताज़ा करता हुआ, भविष्य की आकाँक्षाओं के साथ यह एक प्रेरणा से भरा दिन था।
पूर्व छात्रों ने हॉस्टल, कॉलेज और अस्पताल विभाग को देखा और संस्थान की प्रगति पर स्मृति और आश्चर्य का मिश्रत अनुभव किया। पर्यावरण-अनुकूल इलेक्ट्रिक गाड़ियों द्वारा संचालित परिसर के इस दौरे ने पूर्व छात्रों को अपने संस्थान की प्रगति को प्रत्यक्ष रूप से देखने का एक अनूठा अवसर प्रदान किया। दिन की कार्यवाही दोपहर में शुरू हुई। इस कार्यक्रम में एम्स भोपाल के कार्यपालक निदेशक एवं सी ई ओ प्रो. अजय सिंह के अतिरिक्त प्रो. रजनीश जोशी, डीन (शैक्षणिक); प्रो. बालाकृष्णन एस., डीन (छात्र कल्याण); प्रो. अमित अग्रवाल, डीन (नर्सिंग और पैरामेडिक्स) भी शामिल हुए और उन्होंने लोगों का उत्साह बढ़ाते हुए मार्ग दर्शन भी किया।
मुख्य आकर्षण पूर्व छात्रों द्वारा सफलता की कहानियों को साझा करना था, जो उपस्थित लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत था। उल्लेखनीय वक्ताओं में प्रोफेसर रागिनी मेहरोत्रा, डॉ नीरेंद्र राय, डॉ गौरव खंडेलवाल शामिल थे। डॉ. अगम बंसल, डॉ. मृदुला जैन, डॉ. शमशेर ने एम्स के बाद की अपनी यात्रा साझा करते हुए कहा कि यह बहुत मायने रखता है कि आपने किस संस्थान से अपनी शिक्षा प्राप्त की है। बीएससी नर्सिंग के पूर्व छात्रों डॉ. मधु, डॉ. सुंदर और सुश्री दीक्षा ने भी अपनी प्रेरक कहानियाँ साझा कीं।
इस अवसर पर कॉलेज म्यूजिकल बैंड द्वारा एक सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया गया। एम्स भोपाल एलुमनी मीट ने न केवल अपने पूर्व छात्रों की उपलब्धियों का सम्मान किया, बल्कि चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में संस्थान की निरंतर वृद्धि और उत्कृष्टता को भी रेखांकित किया।