सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क्स / आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ /एजेंसियाँ/ भोपाल: सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क्स / आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ / एजेंसियां, भोपाल: भारत के पहले अंतरिक्ष आधारित सौर मिशन आदित्य-L1 ने सूर्य से निकलने वाले विशाल विस्फोटों को लेकर वैज्ञानिकों की पुरानी धारणा को चुनौती दी है। भारतीय खगोल भौतिकी संस्थान (IIA), बेंगलुरु के वैज्ञानिकों ने आदित्य-L1 के आंकड़ों की मदद से पता लगाया है कि सूर्य से निकलने वाले विशाल प्लाज्मा विस्फोट हमेशा गोलाकार बुलबुले की तरह एक समान रूप से नहीं फैलते। उनका विस्तार अलग-अलग दिशाओं में असमान हो सकता है और वे झुकी हुई, असममित आकृति भी बना सकते हैं।

यह अध्ययन 5 अगस्त 2024 को सूर्य पर हुए एक विस्फोट पर आधारित है। इसके निष्कर्ष शोध पत्रिका 'द एस्ट्रोफिजिकल जर्नल लेटर्स' में प्रकाशित हुए हैं। वैज्ञानिकों ने आदित्य-L1 पर लगे विजिबल एमिशन लाइन कोरोनाग्राफ (VELC) से मिले स्पेक्ट्रोस्कोपिक आंकड़ों को नासा के सोलर डायनेमिक्स ऑब्जर्वेटरी (SDO) की तस्वीरों और त्रि-आयामी मॉडलिंग के साथ मिलाकर विश्लेषण किया।

कैसे सामने आया सूर्य के विस्फोट का रहस्य सूर्य से निकलने वाले इन विस्फोटों को कोरोनल मास इजेक्शन (CME) कहा जाता है। इनमें गर्म प्लाज्मा और चुंबकीय क्षेत्र बड़ी मात्रा में अंतरिक्ष में फैलते हैं। VELC ने डॉप्लर स्पेक्ट्रोस्कोपी तकनीक से प्लाज्मा की गति का पता लगाया। इसके आंकड़ों में प्रकाश की तरंगदैर्ध्य में ऐसे बदलाव मिले, जिनसे पता चला कि विस्फोट का कुछ पदार्थ पृथ्वी की दिशा में देखने वाले उपकरण की ओर, जबकि कुछ विपरीत दिशा में बढ़ रहा था। वैज्ञानिकों ने जब समान विस्तार वाले मॉडल से इन आंकड़ों को समझने की कोशिश की, तो वह वास्तविक अवलोकनों से मेल नहीं खाया। इसके बजाय झुके हुए अक्ष और असमान पार्श्व विस्तार वाले मॉडल ने बेहतर परिणाम दिए।

अंतरिक्ष मौसम का अनुमान होगा बेहतर पृथ्वी की ओर आने वाले सौर विस्फोट उपग्रहों, संचार नेटवर्क और नेविगेशन प्रणालियों को प्रभावित कर सकते हैं। विस्फोट का आकार और विस्तार उसकी गति तथा पृथ्वी तक पहुंचने के समय को प्रभावित कर सकता है। वैज्ञानिकों का मानना है कि आदित्य-L1 की यह खोज भविष्य में सौर तूफानों की दिशा, गति और संभावित प्रभावों का अधिक सटीक अनुमान लगाने में मदद कर सकती है।


Hashtags: #ScienceTechnology #Bhopal #आदित्य #बड़ी #खोज #सूर्य #विस्फोटों #बदला #नजरिया #आदित्यL1कीबड़ी