ITDC India e-Press / Agencies

त्योहारों के दौरान सजने-संवरने और ग्रूमिंग कराने का चलन अब केवल महिलाओं तक सीमित नहीं रह गया है। युवा पुरुष भी पूरे साल अपनी त्वचा, बालों और लुक को बेहतर बनाए रखने के लिए नियमित रूप से ग्रूमिंग ट्रीटमेंट करा रहे हैं। फेशियल, हेयर स्पा, स्किन क्लीनअप, डिटैन, हेयर स्टाइलिंग और अन्य ब्यूटी ट्रीटमेंट उनकी नियमित दिनचर्या का हिस्सा बनते जा रहे हैं। कई युवा इन सेवाओं पर हर महीने 5 हजार से 20 हजार रुपये तक खर्च कर रहे हैं।

बदलती जीवनशैली, सोशल मीडिया का प्रभाव और व्यक्तिगत व्यक्तित्व को लेकर बढ़ती जागरूकता इस बदलाव के प्रमुख कारण हैं। पहले पुरुषों की ग्रूमिंग मुख्य रूप से शेविंग, हेयरकट और सामान्य त्वचा देखभाल तक सीमित थी, लेकिन अब वे स्किनकेयर, दाढ़ी की देखभाल, हेयर ट्रीटमेंट और प्रीमियम सैलून सेवाओं में भी रुचि दिखा रहे हैं।

ब्यूटी और पर्सनल केयर उद्योग में पुरुषों की बढ़ती भागीदारी को बाजार के आंकड़े भी दर्शाते हैं। बाजार अनुसंधान संस्था यूरोमॉनिटर के अनुसार, भारत में पुरुषों के ग्रूमिंग उत्पादों की खुदरा बिक्री 2025 में लगभग 18,630 करोड़ रुपये रही, जो पिछले वर्ष की तुलना में 9 प्रतिशत अधिक है।

विशेषज्ञों के अनुसार, युवा पुरुष अब ग्रूमिंग को केवल त्योहारों या किसी खास समारोह की तैयारी नहीं, बल्कि आत्मविश्वास, व्यक्तित्व और नियमित सेल्फ-केयर से जोड़कर देख रहे हैं। यही वजह है कि पुरुषों के लिए विशेष ग्रूमिंग सेवाओं और उत्पादों की मांग लगातार बढ़ रही है।


Hashtags: #ChhattisgarhState #Bhopal #युवा #पुरुषों #बढ़ा #ग्रूमिंग #चलन #महीने #खर्च #युवापुरुषोंमेंबढ़ा