ITDC India e-Press / Agencies

रायपुर। दीपावली के अवसर पर स्थानीय कारीगरों और छोटे व्यापारियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ के राजस्व एवं उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा ने राजधानी रायपुर के पंडरी बाजार में स्थानीय विक्रेताओं से मिट्टी के दीये खरीदे। इस दौरान उन्होंने ‘वोकल फॉर लोकल’ का संदेश देते हुए प्रदेशवासियों से त्योहार पर स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता देने की अपील की।

मंत्री वर्मा ने कहा कि स्थानीय कारीगरों, कुम्हारों और छोटे व्यापारियों से खरीदारी करने से उनकी आजीविका को मजबूती मिलती है। स्थानीय उत्पाद खरीदना केवल वस्तु खरीदना नहीं, बल्कि उसके पीछे छिपी मेहनत, हुनर और परिवार की उम्मीदों का सम्मान करना भी है। उन्होंने कहा कि मिट्टी के दीये भारतीय संस्कृति, परंपरा और प्रकृति से जुड़ाव के प्रतीक हैं। इनके उपयोग से पारंपरिक कुम्हार व्यवसाय को प्रोत्साहन मिलता है और स्थानीय शिल्पकला को भी बढ़ावा मिलता है।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प का उल्लेख करते हुए कहा कि इसे साकार करने में हर नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है। स्थानीय बाजारों में खरीदारी बढ़ने से छोटे दुकानदारों और हस्तशिल्प से जुड़े परिवारों को आर्थिक सहारा मिल सकता है।

मंत्री ने युवाओं और परिवारों से मिट्टी के दीये, पूजा सामग्री, सजावटी वस्तुएं और हस्तशिल्प उत्पाद स्थानीय विक्रेताओं से खरीदने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि दीपावली की खुशियां तभी सार्थक होंगी, जब त्योहार की रोशनी मेहनतकश कारीगरों और उनके परिवारों तक भी पहुंचे।


Hashtags: #ChhattisgarhState #Bhopal #रायपुर #मंत्री #टंक #राम #वर्मा #खरीदे #मिट्टी #रायपुरमेंमंत्रीटंक