ITDC India e-Press / Agencies

बिलासपुर। दीपावली के दौरान पटाखों और आतिशबाजी से होने वाली संभावित दुर्घटनाओं को देखते हुए छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (सिम्स), बिलासपुर ने विशेष चिकित्सा तैयारियां की हैं। अस्पताल प्रबंधन ने आपात स्थिति से निपटने के लिए डॉक्टरों की टीम, ऑपरेशन थिएटर (ओटी), आईसीयू और एम्बुलेंस को तैयार रखा है, ताकि घायलों को बिना देरी उपचार मिल सके।

पटाखों से जलने, हाथ-पैर में चोट लगने और विस्फोट के कारण गंभीर रूप से घायल होने वाले मरीजों के इलाज के लिए त्वचा रोग, सर्जरी और अस्थि रोग विभाग को सतर्क किया गया है। वहीं, आतिशबाजी के दौरान आंखों में चिंगारी या बारूद के कण जाने से होने वाली चोटों के उपचार के लिए नेत्र रोग विभाग तैयार रहेगा। पटाखों के धुएं से सांस संबंधी परेशानी होने पर मेडिसिन विभाग और तेज आवाज से कानों को नुकसान पहुंचने की स्थिति में ईएनटी विभाग के विशेषज्ञ उपचार उपलब्ध कराएंगे।

गंभीर मरीजों के लिए ओटी, आईसीयू, जरूरी दवाइयों और जीवनरक्षक उपकरणों की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। आपातकालीन स्थिति में मरीजों को अस्पताल पहुंचाने के लिए एम्बुलेंस भी स्टाफ सहित उपलब्ध रहेगी।

सिम्स के अधिष्ठाता डॉ. रमणेश मूर्ति और चिकित्सा अधीक्षक डॉ. लखन सिंह ने लोगों से सुरक्षित तरीके से दीपावली मनाने की अपील की है। उन्होंने बच्चों को अकेले पटाखे नहीं जलाने देने और दुर्घटना होने पर तत्काल अस्पताल पहुंचने की सलाह दी है। किसी भी आपात स्थिति में सिम्स के इमरजेंसी विभाग के नंबर 07752-222301 पर संपर्क किया जा सकता है।


Hashtags: #ChhattisgarhState #Bhopal #दीपावली #पटाखों #चोट #इलाज #सिम्स #तैयार #सीएनएन #दीपावलीपरपटाखोंसे