ITDC India e-Press / Agencies

छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार में एक दर्दनाक हादसे में कपड़ा कारोबारी और उनके 24 वर्षीय बेटे की करंट लगने से मौत हो गई। घर की बालकनी में लगी लोहे की ग्रिल में बिजली का करंट फैल गया था। पिता को करंट से चिपका देखकर बेटा उन्हें बचाने दौड़ा, लेकिन वह भी इसकी चपेट में आ गया। दोनों को बचाने पहुंची कारोबारी की पत्नी भी गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है।

घटना शुक्रवार सुबह सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के नेहरू चौक स्थित मकान में हुई। मृतकों की पहचान राकेश गुप्ता (45) और उनके बेटे ओम गुप्ता (24) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, सुबह राकेश गुप्ता बालकनी में पहुंचे और वहां लगी लोहे की ग्रिल को छूते ही करंट की चपेट में आ गए। वे ग्रिल से चिपक गए। पिता को इस हालत में देखकर ओम उन्हें छुड़ाने पहुंचा, लेकिन वह भी बिजली के प्रवाह की चपेट में आ गया।

पत्नी की हालत गंभीर, रायपुर रेफर

पति और बेटे को बचाने पहुंचीं वर्षा गुप्ता (45) को भी तेज बिजली का झटका लगा। आसपास के लोगों की मदद से तीनों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने राकेश और ओम को मृत घोषित कर दिया। वर्षा की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें रायपुर रेफर किया गया।

हाईटेंशन लाइन से करंट फैलने की आशंका

प्रारंभिक जांच में घर के पास से गुजर रही 11 हजार केवी की हाईटेंशन लाइन से करंट फैलने की आशंका जताई गई है। सफाई में इस्तेमाल होने वाले सामान के तार के संपर्क में आने या शॉर्ट सर्किट की संभावना भी जांच के दायरे में है। पुलिस ने मर्ग कायम कर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे की वास्तविक वजह की जांच की जा रही है।


Hashtags: #ChhattisgarhState #Bhopal #बलौदाबाजार #करंट #कारोबारी #पिता #बेटे #मौत #सीएनएन #बलौदाबाजारमेंकरंटसे