ITDC India e-Press / Agencies

छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में बिजली विभाग के सरकारी कार्यालय में दिवाली उपहार के नाम पर शराब की बोतलें रखे जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि धनतेरस के दिन अधिकारियों और कर्मचारियों को मिठाई के साथ शराब की बोतलें भी दी जा रही थीं। कार्यालय की कई टेबलों के ऊपर और नीचे बोतलें रखी दिखाई दीं। मामला सामने आने के बाद राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस नेताओं ने मौके का वीडियो बनाकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।

जानकारी के अनुसार, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कांकेर ग्रामीण के अध्यक्ष ब्लोमेंद्र यादव को बिजली विभाग के कार्यालय में शराब बांटे जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद वे कार्यकर्ताओं के साथ कार्यालय पहुंचे और वहां का वीडियो बनाया। कांग्रेस का आरोप है कि कार्यालयीन समय के दौरान कर्मचारियों की टेबलों के पास शराब की बोतलें रखी गई थीं। इस दौरान महिला कर्मचारी भी कार्यालय में मौजूद थीं।

पुलिस ने बोतलें जब्त कीं, EE से पूछताछ

शिकायत मिलने के बाद पुलिस टीम बिजली विभाग के कार्यालय पहुंची और वहां रखी शराब की बोतलों को जांच के लिए जब्त कर लिया। पुलिस कार्यपालन अभियंता (EE) एसके किंडो को पूछताछ के लिए कोतवाली थाने भी ले गई। घटना की जानकारी मिलने पर विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी थाने पहुंच गए।

कार्यपालन अभियंता ने आरोपों से किया इनकार

कार्यपालन अभियंता एसके किंडो ने कार्यालय में शराब की बोतलें रखे जाने की जानकारी होने से इनकार किया है। उन्होंने अपने ऊपर लगे आरोपों को निराधार बताया। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस उन्हें अपने वाहन में थाने ले गई और इस दौरान उनके साथ अभद्रता की गई।

फिलहाल पुलिस ने बोतलें जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अभी यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि शराब की बोतलें किसने कार्यालय में रखीं और क्या वास्तव में उनका वितरण दिवाली उपहार के रूप में किया जाना था। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति सामने आएगी।


Hashtags: #ChhattisgarhState #Bhopal #कांकेर #सरकारी #बिजली #दफ्तर #शराब #गिफ्ट #विवाद #कांकेरकेसरकारीबिजली