ITDC India e-Press / Agencies

AI से आपत्तिजनक तस्वीरें बनाकर ब्लैकमेलिंग, दीपक टंडन गिरफ्तार

सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क्स / आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ / एजेंसियां, भोपाल:

छत्तीसगढ़ में फर्जी खबरें प्रकाशित कर लोगों को ब्लैकमेल करने के आरोप में होटल कारोबारी और न्यूज पोर्टल संचालक दीपक टंडन को गिरफ्तार किया गया है। बिलासपुर पुलिस ने उसे रायपुर से पकड़ा है। आरोप है कि वह आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से लोगों की तस्वीरों में छेड़छाड़ कर आपत्तिजनक और भ्रामक सामग्री तैयार करता था। इसके बाद न्यूज पोर्टल और सोशल मीडिया पर खबरें प्रकाशित कर संबंधित लोगों को बदनाम करने की धमकी देता और उनसे पैसे वसूलने का दबाव बनाता था।

पुलिस के अनुसार, तिफरा के महाराणा प्रताप नगर निवासी मणीशंकर पांडेय ने 29 अक्टूबर 2026 को सिरगिट्टी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि उनकी तस्वीरों को AI के जरिए बदलकर आपत्तिजनक और अपमानजनक खबरें प्रकाशित की गईं। मामले की जांच के दौरान दीपक टंडन की भूमिका सामने आई। इसके बाद पुलिस टीम ने 6 नवंबर को रायपुर के न्यू राजेंद्र नगर स्थित रजत प्राइम अपार्टमेंट में दबिश देकर उसे गिरफ्तार किया।

दो मोबाइल फोन जब्त, डिजिटल सामग्री की जांच

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। पुलिस का कहना है कि इनमें पोर्टल से संबंधित कई आपत्तिजनक तस्वीरें, वीडियो और ऑडियो क्लिप मिली हैं। इस मामले में कोमल प्रसाद चौबे सहित अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 3(5) और छत्तीसगढ़ टोनही प्रताड़ना निवारण अधिनियम की धाराओं 4 और 5 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

DSP कल्पना वर्मा विवाद से भी जुड़ा नाम

दीपक टंडन का नाम पूर्व में तत्कालीन DSP कल्पना वर्मा से जुड़े विवाद के कारण भी सुर्खियों में आया था। टंडन ने आरोप लगाया था कि कल्पना वर्मा ने उसे शादी का भरोसा देकर करोड़ों रुपये, महंगी कार और गहने लिए। दूसरी ओर, कल्पना वर्मा ने इन आरोपों को खारिज करते हुए टंडन पर फर्जी चैट और तस्वीरों के जरिए उन्हें बदनाम करने का आरोप लगाया था।

फिलहाल पुलिस डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि कथित ब्लैकमेलिंग और उगाही के मामले में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।


Hashtags: #ChhattisgarhState #Bhopal #फर्जी #खबरों #ब्लैकमेलिंग #आरोप #कारोबारी #दीपक #टंडन #फर्जीखबरोंसेब्लैकमेलिंग