ITDC India e-Press / Agencies

दुर्ग। आगामी त्योहारों के दौरान बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए दुर्ग पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। शहर और जिले के प्रमुख बाजारों, सराफा दुकानों तथा भीड़भाड़ वाले इलाकों में 100 से अधिक पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। इसका उद्देश्य खरीदारी के लिए आने वाले नागरिकों और व्यापारियों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना है।

पुलिस की स्पेशल बाज टीम के 50 से अधिक जवान बाइक के जरिए शहर और जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में लगातार पेट्रोलिंग करेंगे। इसके अलावा सभी थाना क्षेत्रों में विशेष निगरानी व्यवस्था तैयार की गई है। संबंधित क्षेत्रों में पुलिसकर्मियों की जिम्मेदारी तय कर नियमित गश्त और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।

सराफा बाजार और प्रमुख भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सशस्त्र जवानों तथा अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। आम स्क्वाड और आर्म्स गार्ड भी सुरक्षा व्यवस्था का हिस्सा होंगे। वहीं, बाजारों में जाम की स्थिति से बचने और लोगों की आवाजाही सुचारु रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस को भी विशेष जिम्मेदारी सौंपी गई है।

पुलिस अधीक्षक और राजपत्रित अधिकारी विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं। बाजारों, प्रमुख मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की सक्रिय मौजूदगी सुनिश्चित की जा रही है। पुलिस प्रशासन ने नागरिकों और व्यापारियों से सतर्क रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।


Hashtags: #ChhattisgarhState #Bhopal #त्योहारों #दुर्ग #बाजारों #100 #अधिक #पुलिसकर्मी #तैनात #त्योहारोंपरदुर्गके