रायपुर। छत्तीसगढ़ में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए रोजगार का बड़ा अवसर सामने आया है। राज्य की तीनों बिजली कंपनियों—जनरेशन, ट्रांसमिशन और डिस्ट्रीब्यूशन—में कुल 1,501 रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसके लिए 38 प्रकार के पदों पर विस्तृत भर्ती विज्ञापन जारी किया गया है। इच्छुक और योग्य अभ्यर्थी 26 नवंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
इस भर्ती में सबसे अधिक 609 पद डाटा एंट्री ऑपरेटर के लिए निर्धारित किए गए हैं। इनमें डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के 450, जनरेशन कंपनी के 95 और ट्रांसमिशन कंपनी के 64 पद शामिल हैं। वहीं, कनिष्ठ अभियंता (इलेक्ट्रिकल) के 167 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इनमें जनरेशन कंपनी के 11, ट्रांसमिशन कंपनी के 32 और डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के 124 पद हैं।
इसके अलावा सहायक अभियंता के इलेक्ट्रिकल, मैकेनिकल, सिविल और इलेक्ट्रॉनिक्स एवं टेलीकम्युनिकेशन विभागों में भी पद निकाले गए हैं। भर्ती में फायर ऑफिसर, सुरक्षा अधिकारी, प्लांट अटेंडेंट, स्टेनोग्राफर, चिकित्सा अधिकारी, फार्मासिस्ट, स्टाफ नर्स, लैब तकनीशियन और अन्य तकनीकी एवं प्रशासनिक पद भी शामिल हैं।
ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 6 नवंबर 2026 की रात से शुरू हो चुकी है। उम्मीदवार 26 नवंबर की रात 11:55 बजे तक आवेदन और निर्धारित शुल्क जमा कर सकेंगे। शुल्क का भुगतान नेट बैंकिंग, क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड या यूपीआई से किया जा सकता है।
भर्ती विज्ञापन के अनुसार तृतीय और चतुर्थ श्रेणी के पदों के लिए छत्तीसगढ़ के मूल निवासी अभ्यर्थी ही पात्र होंगे। शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा, चयन प्रक्रिया और अन्य शर्तों की जानकारी आधिकारिक वेबसाइट cspc.co.in पर उपलब्ध विस्तृत विज्ञापन में दी गई है। उम्मीदवारों को आवेदन से पहले संबंधित पद की पात्रता और निर्देशों को ध्यान से पढ़ने की सलाह दी गई है।
Hashtags: #ChhattisgarhState #Bhopal #छत्तीसगढ़ #पावर #कंपनियों #1501 #पदों #भर्ती #शुरू #छत्तीसगढ़कीपावरकंपनियों