सुकेश ने नोरा फतेही को क्यों ऑफर की कार, कोर्ट में हुआ खुलासा
नई दिल्ली: करीब 200 करोड़ रुपये की कथित ठगी से जुड़े सुकेश चंद्रशेखर मामले में अभिनेत्री नोरा फतेही ने शुक्रवार को दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में अपना बयान दर्ज कराया। उन्होंने अदालत को बताया कि दिसंबर 2020 में चेन्नई में आयोजित एक चैरिटी कार्यक्रम के दौरान सुकेश की पत्नी लीना पॉलोज ने उनसे मुलाकात की थी। इसी मुलाकात के दौरान उन्हें कार उपहार में देने की पेशकश की गई थी। सुकेश ने फोन पर बातचीत के दौरान भी उनसे कार स्वीकार करने का अनुरोध किया था।
अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश गगनदीप सिंह के समक्ष गवाही देते हुए नोरा ने बताया कि उन्हें चेन्नई के कार्यक्रम में एक्सीड एंटरटेनमेंट नामक एजेंसी के माध्यम से कलाकार के रूप में आमंत्रित किया गया था। कार्यक्रम की आयोजक लीना पॉलोज थीं। नोरा के अनुसार, कार्यक्रम से पहले लीना अपने परिवार के सदस्यों और दो वीडियोग्राफरों के साथ उनसे मिलने पहुंचीं। वह अपने साथ कुछ उपहार भी लाई थीं।
नोरा ने बताया कि लीना ने अपना परिचय नेल आर्टिस्ट्री सैलून की मालकिन के रूप में दिया और कहा कि उनके पति उनसे बात करना चाहते हैं। इसके बाद लीना ने सुकेश को फोन लगाया और स्पीकर पर बातचीत कराई। सुकेश ने कार्यक्रम में आने के लिए उनका धन्यवाद किया और भविष्य में उनके साथ और कार्यक्रम आयोजित करने की इच्छा जताई। इसी बातचीत में लीना ने कार उपहार में देने की बात कही और सुकेश ने भी इसे स्वीकार करने का आग्रह किया।
अभिनेत्री ने अदालत को बताया कि उन्हें चेन्नई कार्यक्रम के लिए कोई फीस नहीं मिली थी, हालांकि उनकी यात्रा, स्टाफ और अन्य खर्च आयोजकों ने उठाए थे। कार्यक्रम में उन्होंने मुख्य अतिथि के रूप में हिस्सा लिया और डांस प्रतियोगिता को जज किया।
यह मामला दिल्ली की रोहिणी जेल में बंद रहते हुए वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों का रूप धारण कर अदिति सिंह से वर्ष 2020-21 के दौरान करीब 200 करोड़ रुपये की कथित वसूली से जुड़ा है। नोरा इस मामले में आरोपी नहीं, बल्कि अभियोजन पक्ष की गवाह हैं। उनकी आगे की गवाही 30 नवंबर को दर्ज की जाएगी।
Hashtags: #DelhiState #Delhi #सुकेश #नोरा #फतेही #क्यों #ऑफर #कार #कोर्ट #सुकेशनेनोराफतेही