ITDC India e-Press / Agencies

दिल्ली में 47.56 लाख मतदाताओं को नाम जुड़वाने का एक और मौका

नई दिल्ली: दिल्ली में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान मसौदा मतदाता सूची से बाहर हुए करीब 47.56 लाख लोगों को निर्वाचन आयोग ने एक और अवसर दिया है। अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत और दोहरे मतदाता (ASDD) श्रेणी में रखे गए इन लोगों के लिए दोबारा गणना प्रपत्र तैयार किए जाएंगे, ताकि पात्र मतदाता अपना नाम अंतिम सूची में शामिल करा सकें।

दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के अनुसार, जिन मतदाताओं के गणना प्रपत्र जून से 17 अगस्त के बीच जारी किए गए थे, लेकिन ASDD श्रेणी में दर्ज होने के कारण उनके नाम मसौदा सूची में शामिल नहीं हो पाए, उन्हें नई प्रक्रिया के तहत आवेदन का मौका मिलेगा। इसके लिए संबंधित विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी (ERO) या सहायक निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी (AERO) से संपर्क करना होगा। आवेदन जमा करने का विस्तृत कार्यक्रम एक सप्ताह के भीतर जारी किया जाएगा।

मतदाता अपना पुराना वोटर आईडी नंबर (EPIC) इस्तेमाल कर निर्वाचन आयोग की वेबसाइट या ECINET मोबाइल ऐप से दोबारा तैयार किया गया गणना प्रपत्र डाउनलोड कर सकेंगे। जिनका पता नहीं बदला है, उन्हें अनुबंध-बी के तहत पहले प्रपत्र जमा नहीं कर पाने का कारण बताना होगा। दिल्ली के भीतर स्थान बदलने वाले मतदाताओं को नए पते का विवरण और प्रमाण अनुबंध-सी के साथ देना होगा। बेघर मतदाताओं के मामले में बूथ लेवल अधिकारी की मौके पर की गई सत्यापन रिपोर्ट स्वीकार की जा सकेगी।

पहले ही फॉर्म-6 जमा कर चुके लोगों को दोबारा गणना प्रपत्र देने की जरूरत नहीं होगी। उनके आवेदन पहले जारी निर्देशों के अनुसार संसाधित किए जाएंगे। बूथ लेवल अधिकारी घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क करने में मदद करेंगे।

31 अगस्त को जारी मसौदा सूची में 97.53 लाख नाम शामिल थे, जबकि 47.56 लाख नाम बाहर रह गए थे। आयोग की इस पहल का उद्देश्य पात्र मतदाताओं को अंतिम सूची में शामिल होने का अवसर देना है।


Hashtags: #DelhiState #Delhi #दिल्ली #लाख #मतदाताओं #नाम #जुड़वाने #मौका #सीएनएन #दिल्लीमें4756