नई दिल्ली: दिल्ली के कालकाजी स्थित आस्था कुंज पार्क में 17 वर्षीय किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म के मामले में दिल्ली पुलिस ने जांच तेज करते हुए 500 से अधिक पन्नों की चार्जशीट तैयार की है। पुलिस अगले एक सप्ताह के भीतर इसे अदालत में दाखिल कर सकती है। चार्जशीट में करीब 60 गवाहों के बयान, फोरेंसिक रिपोर्ट, सीसीटीवी फुटेज और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज शामिल किए गए हैं।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के अनुसार, चार्जशीट का लगभग 75 पन्नों का मुख्य हिस्सा तैयार किया गया है। इसमें पीड़िता और उसके पुरुष मित्र के बयान भी शामिल हैं। इसके अलावा करीब 50 दस्तावेजों को साक्ष्य के रूप में जोड़ा गया है। मामले की निगरानी दिल्ली पुलिस मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारी कर रहे हैं। प्रभावी पैरवी के लिए विशेष लोक अभियोजक की नियुक्ति भी की गई है।
जांच के दौरान पुलिस ने पार्क और आसपास के रास्तों पर लगे 300 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। समय के साथ दर्ज फुटेज में आरोपियों के पार्क पहुंचने, वहां से निकलने और अपने घर लौटने की गतिविधियों को शामिल किया गया है। केंद्रीय फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (CFSL) की रिपोर्ट, घटनास्थल से जुटाए गए नमूने, आरोपियों के कपड़े और न्यायिक पहचान परेड की कार्यवाही भी चार्जशीट का हिस्सा होगी।
पुलिस ने आरोपियों के मोबाइल फोन फोरेंसिक जांच के लिए भेजे हैं। जांच में उनकी चैट हिस्ट्री डिलीट किए जाने की जानकारी मिली है। संबंधित डिजिटल साक्ष्य वापस हासिल करने के प्रयास जारी हैं।
यह घटना 22 सितंबर को हुई थी, जब किशोरी अपने जन्मदिन पर एक दोस्त के साथ कालकाजी मंदिर गई थी। बाद में दोनों आस्था कुंज पार्क पहुंचे, जहां तीन आरोपियों ने कथित तौर पर उन्हें धमकाकर किशोरी के साथ अलग-अलग स्थानों पर दुष्कर्म किया। पुलिस ने इस मामले में आसिफ, हेमंत और महेश को गिरफ्तार किया है। तीनों फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं।
आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और पॉक्सो अधिनियम की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज है। चार्जशीट दाखिल होने के बाद अदालत में मुकदमे की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
Hashtags: #DelhiState #Delhi #आस्था #कुंज #पार्क #केस #500 #पन्नों #चार्जशीट #आस्थाकुंजपार्ककेस