आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : दीपावली की पूर्व संध्या(11 नवंबर को ) को भोपाल के बाग मुगालिया एक्सटेंशन कॉलोनी स्थित गोधूलि पार्क में वृक्षों की आरती उतारकर दीपक लगाए जाएंगे। विकास समिति के अध्यक्ष उमाशंकर तिवारी ने बताया कि वृक्षों के सम्मान में पिछले 4 सालों से दीपावली के एक दिन पहले ये आयोजन किया जाता है। इस वर्ष भी 11 नवंबर को शाम 7:30 बजे कॉलोनी की महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग ऑक्सीजन देने वाले साक्षात भगवान के रूप में लगे हुए वृक्षों की आरती उतारकर दीपक लगाएंगे। समिति 2019 से लगातार ये अभियान चला रही है ।

कॉलोनी की महिलाओं ने वृक्षों के सम्मान में लगाए दीपक।

पीपल समेत ऑक्सीजन देने वाले वृक्षों में लगाए गए दीपक।

इस दुनिया में हमारे माता-पिता हमें जन्म देकर लाते हैं, बीमार पड़ने पर डॉक्टर हमारा इलाज करते हैं लेकिन इस जीवन के लिए सबसे महत्ववपूर्ण ऑक्सीजन हमें वृक्ष ही देते हैं। इसके साथ ही जहां अधिक पेड़ पौधे होते हैं वहां बरसात भी अच्छी होती है, गर्मी के मौसम में ये हमें ठंडी हवा और छांव भी प्रदान करते हैं। प्रदूषण से मुक्ति में भी वृक्षों की अहम भूमिका होती है। इन्हीं कारणों से हमारी संस्कृति में वृक्षों को पूजा जाता है। कोरोना काल में लोगों को इस बात का अहसास भी हुआ था, वृक्षों को काटने से सुख और बारिश दोनो कम होगी। समिति इसलिए वृक्षों के सम्मान में ये आयोजन हर साल करती है।