सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : भोपाल। पश्चिम मध्य रेलवे में राजभाषा हिंदी के प्रभावी एवं अधिकाधिक प्रयोग को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से मुख्यालय, जबलपुर के राजभाषा विभाग द्वारा ‘राजभाषा पखवाड़ा समापन समारोह-2026’ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन पश्चिम मध्य रेलवे के महाप्रबंधक दिलीप कुमार सिंह की अध्यक्षता तथा मुख्य राजभाषा अधिकारी आशुतोष के मार्गदर्शन में किया गया। इस अवसर पर अपर महाप्रबंधक एकनाथ मोहकर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। समारोह के दौरान अखिल भारतीय स्तर के विराट हास्य कवि सम्मेलन का भी आयोजन किया गया। इसमें बिलासपुर, भोपाल, कटनी, देवास एवं कोटा से आमंत्रित कवियों ने अपने गीतों, गजलों तथा हास्य-व्यंग्य की प्रस्तुतियों से उपस्थित श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।

इस अवसर पर महाप्रबंधक दिलीप कुमार सिंह ने अपने उद्बोधन में कहा कि रेलवे के कार्य का सीधा संबंध आम जनता से है। ऐसे में हमारी भाषा जितनी सरल, स्पष्ट और सहज होगी, हमारा संवाद उतना ही प्रभावी होगा। उन्होंने कहा कि पश्चिम मध्य रेलवे का संपूर्ण कार्यक्षेत्र ‘क’ क्षेत्र के अंतर्गत आता है, इसलिए यात्रियों को सूचना उपलब्ध कराने से लेकर कार्यालयीन एवं प्रशासनिक कार्यों तक सरल एवं सहज हिंदी का प्रयोग कार्यक्षमता को और अधिक प्रभावी बनाता है।

समारोह में वर्षभर राजभाषा हिंदी के क्षेत्र में उल्लेखनीय एवं सराहनीय कार्य करने के लिए सवारी डिब्बा पुनर्निर्माण कारखाना, निशातपुरा, भोपाल को ‘अंतर कारखाना राजभाषा शील्ड-2025’ से सम्मानित किया गया। महाप्रबंधक दिलीप कुमार सिंह ने कारखाना प्रतिनिधियों को शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया। इसके साथ ही कारखाने के मनोज कुमार सिंह, उप मुख्य सामग्री प्रबंधक,आशीष सिंह सेंगर, मुख्य कर्मचारी एवं कल्याण निरीक्षक तथा जिनेन्द्र एवं शिवानी, तकनीशियन, बोगी शॉप को भी राजभाषा हिंदी के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए पुरस्कार राशि एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।

इस अवसर पर निशातपुरा कारखाना, भोपाल के मुख्य कारखाना प्रबंधक प्रफुल्ल वी. कोहाडे ने कहा कि हिंदी भारत संघ की राजभाषा है। अतः दैनिक सरकारी कामकाज में राजभाषा हिंदी का प्रयोग करना हम सभी का संवैधानिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि भारत सरकार की राजभाषा नीतियों के प्रभावी अनुपालन में प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी की महत्वपूर्ण भूमिका है। कोहाडे ने राजभाषा विभाग सहित पुरस्कार प्राप्त अन्य विभागों, कार्यालयों एवं अधिकारी-कर्मचारियों को बधाई दी। साथ ही उन्होंने महाप्रबंधक दिलीप कुमार सिंह, अपर महाप्रबंधक एकनाथ मोहकर एवं मुख्य राजभाषा अधिकारी आशुतोष के प्रति आभार व्यक्त किया।


Hashtags: #MadhyaPradeshState #Bhopal #2025 #एनएन #टवर #आईट #करन #जबलप #पखव #नशतपर