सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : संत हिरदाराम गर्ल्स कॉलेज में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, भोपाल के सहयोग से विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को उनके कानूनी अधिकारों, निःशुल्क विधिक सहायता तथा न्याय प्राप्त करने के विभिन्न उपायों के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, भोपाल के सचिव एवं न्यायिक अधिकारी सुनीत अग्रवाल और कादम्बिनी शिक्षा समिति के चेयरमैन दिनेश शर्मा उपस्थित रहे। इस अवसर पर हीरो ज्ञानचंदानी, निदेशक, एसएचजीसी तथा घनश्याम बूलचंदानी, सचिव, शहीद हेमू कालानी एजुकेशनल सोसायटी की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए हीरो ज्ञानचंदानी ने छात्राओं के लिए विधिक जागरूकता के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि न्यायिक अधिकारी से सीधे संवाद करने तथा उनके माध्यम से कानूनी व्यवस्था को समझने का अवसर छात्राओं के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने संत हिरदाराम कॉलेज का परिचय देते हुए शहीद हेमू कालानी एजुकेशनल सोसायटी द्वारा शिक्षा एवं सामाजिक विकास के क्षेत्र में किए जा रहे विभिन्न कार्यों एवं योगदानों की विस्तृत जानकारी भी प्रदान की।

संत हिरदाराम गर्ल्स कॉलेज में विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
संत हिरदाराम गर्ल्स कॉलेज में विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, भोपाल के न्यायाधीश एवं सचिव सुनीत अग्रवाल ने छात्राओं को विभिन्न कानूनी विषयों की जानकारी देते हुए उन्हें अपने अधिकारों और कानून के प्रति जागरूक किया तथा छात्राओं को कानूनी प्रावधानों, महिला सुरक्षा, महिलाओं के अधिकारों तथा जरूरत पड़ने पर विधिक सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही बताया गया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जरूरतमंद एवं पात्र व्यक्तियों को निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। न्यायाधीश ने छात्राओं को कानून के प्रति जागरूक रहने, अपने अधिकारों को समझने तथा किसी भी कानूनी समस्या की स्थिति में उचित मार्गदर्शन प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। न्यायाधीश ने छात्राओं द्वारा किए गए प्रश्नों का मंच से उत्तर दिया और छात्राओं की जिज्ञासाओं को दूर किया, साइबर और मोटर व्हीकल एक्ट की विस्तार से जानकारी दी।इस अवसर पर पीएलवी दिनेश शर्मा ने महिलाओं, बच्चों के लिए हेल्प लाइन नम्बर बताए साइबर फ्रॉड की शिकायत 1930, राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के टोल फ्री नम्बर 15100, पुलिस हेल्प लाइन या अन्य आवश्यक शिकायत हेतु 112 नम्बर डायल कर समस्या बता सकते हैं। कार्यक्रम में छात्राओं ने कानूनी अधिकारों, उपलब्ध सहायता सेवाओं तथा जिम्मेदार नागरिकता के महत्व को समझा । इस पहल के माध्यम से महाविद्यालय ने विधिक साक्षरता को बढ़ावा देने और समाज में न्याय तक पहुँच के प्रति जागरूकता विकसित करने की अपनी प्रतिबद्धता को सुदृढ़ किया।


Hashtags: #MadhyaPradeshState #Bhopal #एनएन #टवर #आईट #करण #सहय #उनक #करन #सतहरद