सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : IIT बॉम्बे कैंपस में गैस लीकेज से आग, दो बच्चों समेत पांच घायल
मुंबई के पवई स्थित भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) बॉम्बे के कैंपस में गुरुवार रात गैस लीक होने के बाद आग भड़क गई। इस हादसे में दो बच्चों समेत पांच लोग घायल हो गए। घटना रात करीब 10:25 बजे हॉस्टल नंबर 6 में हुई। अधिकारियों के मुताबिक, गैस सिलेंडर की पाइप से रिसाव होने के कारण आग लगी।
घटना में घायल लोगों की पहचान 12 वर्षीय अंश अहिरवार, 9 वर्षीय तहजीब आलम, 37 वर्षीय ईश्वर सिंह, 34 वर्षीय शिवकुमार सिंह और 23 वर्षीय अनिलकुमार यादव के रूप में हुई है। सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए घाटकोपर स्थित बीएमसी के राजावाड़ी अस्पताल ले जाया गया। बाद में चार घायलों को आगे के इलाज के लिए चिंचपोकली स्थित कस्तूरबा अस्पताल में स्थानांतरित किया गया, जबकि एक व्यक्ति राजावाड़ी अस्पताल में भर्ती रहा।
स्थानीय पुलिस और बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) के कर्मचारियों ने सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में मदद की। अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार, सभी पांच घायलों की हालत स्थिर बताई गई है।
घटना के बाद कैंपस में गैस सिलेंडर और पाइपलाइन की सुरक्षा को लेकर सवाल उठे हैं। अधिकारियों की ओर से हादसे के कारणों से जुड़ी विस्तृत जानकारी का इंतजार है।
Hashtags: #MaharashtraState #Bhopal #Iit #एनएन #टवर #आईट #पवई #घटन #पहच #IITबमब