सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क्स / आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ /एजेंसियाँ/ भोपाल: उत्तर प्रदेश के पीलीभीत में मतदाता सूची में अनियमितताओं के मामले में चुनाव आयोग ने कड़ी कार्रवाई करते हुए दो एसडीएम स्तर के अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का निर्देश दिया है। निलंबित अधिकारियों की पहचान मयंक गोस्वामी और हेमंत चौधरी के रूप में हुई है। दोनों पीलीभीत सदर विधानसभा क्षेत्र में निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के रूप में तैनात थे।

मामला सदर विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची में कथित गड़बड़ी से जुड़ा है। जांच में मतदाता पंजीकरण केंद्र पर तैनात कंप्यूटर ऑपरेटर अनिल कुमार की भूमिका भी सामने आई है। आयोग ने उसके खिलाफ पहले से दर्ज प्राथमिकी में भारतीय न्याय संहिता की धारा 198 जोड़ने का निर्देश दिया है। इस मामले में दोनों अधिकारी भी नामजद हैं। आयोग ने स्पष्ट किया है कि उसकी पूर्व अनुमति के बिना निलंबित अधिकारियों को बहाल नहीं किया जाएगा।

चुनाव आयोग ने पीलीभीत जिले की सभी चार विधानसभा सीटों की मतदाता सूचियों का दोबारा सत्यापन कराने के निर्देश भी दिए हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी को इस प्रक्रिया की रिपोर्ट एक सप्ताह के भीतर सौंपनी होगी। इसके अलावा, मामले में दोषी पाए गए कर्मचारियों और अधिकारियों के खिलाफ की गई कार्रवाई की रिपोर्ट तीन दिन में मांगी गई है। आयोग ने उत्तर प्रदेश के अन्य जिलों में भी मतदाता सूचियों की जांच पर जोर दिया है। विशेष रूप से नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन से जुड़े फॉर्म-6, 7 और 8 के तहत की गई प्रविष्टियों का पुनरीक्षण करने को कहा गया है।


Hashtags: #UttarPradeshState #Bhopal #पीलीभीत #मतदाता #सूची #गड़बड़ी #एसडीएम #निलंबित #भोपाल #पीलीभीतमेंमतदातासूची