सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क्स / आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ /एजेंसियाँ/ भोपाल: सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क्स / आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ / एजेंसियाँ:उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में दादा मियां के उर्स मेले में जलपरी शो के दौरान बड़ा हादसा हो गया। सोमवार देर रात शो के लिए बनाए गए करीब 20 हजार लीटर पानी से भरे कांच के टैंक का शीशा अचानक टूट गया। तेज आवाज के साथ टैंक फटने से पानी और कांच के टुकड़े दर्शकों की ओर जा गिरे। हादसे में चार बच्चों समेत 15 लोग घायल हो गए। घटना के बाद मेले में अफरा-तफरी मच गई।

यह हादसा फखरपुर थाना क्षेत्र के खालिदपुर गांव में हुआ। उस समय करीब 20 से 25 लोग जलपरी शो देख रहे थे। टैंक के सामने खड़े बच्चों के सिर और चेहरे पर कांच के टुकड़े लगने से चोटें आईं। घायलों में अर्श (8), बुरऊ (7), अहद खान (8) और मोहम्मद सादिक (9) शामिल हैं। शो में जलपरी का किरदार निभा रही युवती भी घायल हुई है।

सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फखरपुर पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल दो बच्चों को बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जबकि अन्य को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शो के लिए 50 रुपये का टिकट लिया गया था। टैंक टूटते ही पानी के तेज बहाव और कांच के टुकड़ों से वहां मौजूद लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।

पुलिस के अनुसार, आयोजकों ने केवल उर्स के धार्मिक कार्यक्रम की अनुमति ली थी, जबकि जलपरी शो और अन्य मनोरंजन गतिविधियां बिना प्रशासनिक अनुमति के संचालित की जा रही थीं। इस मामले में सात आयोजकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है। हादसे के बाद प्रशासन ने धार्मिक कार्यक्रम को छोड़कर मेले की बाकी गतिविधियां बंद करा दी हैं


Hashtags: #UttarPradeshState #Bhopal #बहराइच #मेले #जलपरी #टैंक #फटा #घायल #सीएनएन #बहराइचमेलेमेंजलपरी