सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क्स / आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ /एजेंसियाँ/ भोपाल: सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क्स / आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ / एजेंसियाँ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के सरोजनीनगर इलाके में तेज रफ्तार एंबुलेंस की टक्कर से स्कूटी सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उसका साथी घायल हो गया। हादसे के बाद एंबुलेंस चालक वाहन रोकने के बजाय दोनों को कुचलता हुआ मौके से फरार हो गया। पूरी घटना घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

मृतक की पहचान 40 वर्षीय आशीष कुमार श्रीवास्तव के रूप में हुई है। वह वजीरगंज के पुरी टोला हाथी कुआं के निवासी थे। आशीष अपने पड़ोसी वेदांत श्रीवास्तव के साथ सरोजनीनगर के ट्रांसपोर्ट नगर स्थित एक निजी दवा कंपनी में काम करते थे। सोमवार सुबह दोनों रोज की तरह स्कूटी से ड्यूटी पर जा रहे थे। स्कूटी आशीष चला रहे थे और वेदांत पीछे बैठे थे।

पुलिस के मुताबिक, ट्रांसपोर्ट नगर में पार्किंग नंबर-9 के पास सामने से एक बाइक सवार गलत दिशा में आ गया। उसे बचाने के लिए आशीष ने अचानक ब्रेक लगाया। इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार निजी अस्पताल की एंबुलेंस ने स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर से दोनों सड़क पर गिर पड़े। आरोप है कि चालक ने एंबुलेंस नहीं रोकी और आशीष को कुचलते हुए भाग निकला।

राहगीरों की मदद से दोनों को लोकबंधु अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने आशीष को मृत घोषित कर दिया। वेदांत को भी चोटें आई हैं। आशीष अपने पीछे पत्नी ऋचा और आठ वर्षीय बेटे को छोड़ गए हैं।

सरोजनीनगर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर फरार एंबुलेंस और चालक की पहचान कर तलाश में जुटी है। अभी मामले में तहरीर मिलने का इंतजार किया जा रहा है।


Hashtags: #UttarPradeshState #Bhopal #लखनऊ #एंबुलेंस #स्कूटी #सवारों #कुचला #मौत #सीएनएन #लखनऊमेंएंबुलेंसने