सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क्स / आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ /एजेंसियाँ/ Sagar: फतेहपुर में राज्यमंत्री कृष्णा पासवान की बहन पर हमला, जमीन विवाद में मारपीट और फायरिंग के आरोप
सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क्स / आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ / एजेंसियाँ: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में राज्य सरकार की राज्यमंत्री कृष्णा पासवान की बड़ी बहन रामा देवी पासवान के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना मलवां थाना क्षेत्र के समशाही सुल्तानपुर गांव की है, जहां जमीन के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी के बाद हिंसक झड़प हो गई। घटना में रामा देवी के अलावा एक गर्भवती महिला के घायल होने की भी जानकारी है। मामले से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, रामा देवी पासवान गांव की पूर्व प्रधान रह चुकी हैं। रविवार शाम वह दवा लेकर घर लौट रही थीं। इसी दौरान उन्होंने रास्ते में शिवसागर निषाद को कुछ लोगों द्वारा पीटते देखा। आरोप है कि जब वह बीच-बचाव करने पहुंचीं तो हमलावरों ने उन्हें भी घेर लिया और लाठी-डंडों तथा लात-घूंसों से मारपीट की। शोर सुनकर पहुंची शिवसागर के छोटे भाई की गर्भवती पत्नी रेशमा के साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप है।
पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया है कि हमलावरों के पास राइफल और तमंचा था तथा घटना के दौरान हवाई फायरिंग भी की गई। वायरल वीडियो में फायरिंग जैसी आवाज सुनाई देने का दावा किया जा रहा है, हालांकि पुलिस इसकी सत्यता की जांच कर रही है।
पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के मुताबिक, विवाद गंगा किनारे स्थित करीब 96 बीघा जमीन पर कब्जे को लेकर है। दोनों पक्षों का मेडिकल परीक्षण कराया गया, जिसमें किसी को गंभीर चोट नहीं मिली। दूसरे पक्ष ने भी जमीन पर कब्जे को लेकर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर जांच शुरू कर दी है और संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया के निर्देश दिए गए हैं।
Hashtags: #UttarPradeshState #Sagar #फतेहपुर #राज्यमंत्री #कृष्णा #पासवान #बहन #हमला #जमीन #फतेहपुरमेंराज्यमंत्रीकृष्णा