सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क्स / आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ /एजेंसियाँ/ Sagar: सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क्स / आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ / एजेंसियाँ: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में राज्य सरकार की राज्यमंत्री कृष्णा पासवान की बड़ी बहन रामा देवी पासवान के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि जमीन विवाद के दौरान कुछ लोगों ने उन्हें घेरकर पीटा और हवाई फायरिंग भी की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
मामला मलवां थाना क्षेत्र के समशाही सुल्तानपुर गांव का है। रामा देवी पासवान गांव की पूर्व प्रधान रह चुकी हैं। बताया गया कि रविवार को गांव में जमीन पर कब्जे को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया था। इसी दौरान कुछ लोग शिवसागर निषाद के साथ मारपीट कर रहे थे। रामा देवी दवा लेकर घर लौट रही थीं। उन्होंने बीच-बचाव करते हुए युवक को बचाने का प्रयास किया तो आरोप है कि हमलावरों ने उनके साथ भी मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान एक गर्भवती महिला के साथ भी मारपीट किए जाने की जानकारी सामने आई है।
घटना के दौरान राइफल और तमंचे से हवाई फायरिंग किए जाने का भी आरोप लगाया गया है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में ट्रैक्टर के पास कुछ युवक दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, वीडियो में फायरिंग होने की पुष्टि पुलिस ने अभी नहीं की है।
पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के अनुसार, दोनों पक्षों का मेडिकल परीक्षण कराया गया है, जिसमें किसी को गंभीर चोट आने की पुष्टि नहीं हुई। शुरुआती जांच में 96 बीघा जमीन को लेकर पुराना विवाद सामने आया है। पुलिस ने क्षेत्राधिकारी को जांच के लिए भेजा है। तहरीर और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Hashtags: #UttarPradeshState #Sagar #फतेहपुर #राज्यमंत्री #बहन #मारपीट #फायरिंग #आरोप #सीएनएन #फतेहपुरमेंराज्यमंत्रीकी