सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क्स / आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ /एजेंसियाँ/ भोपाल: लखनऊ में एंबुलेंस ने स्कूटी को मारी टक्कर, एक की मौत, चालक फरार

सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क्स / आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ / एजेंसियाँ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के सरोजनीनगर इलाके में तेज रफ्तार एंबुलेंस की टक्कर से स्कूटी सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद एंबुलेंस चालक घायलों को सड़क पर छोड़कर मौके से फरार हो गया। पूरी घटना घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपी चालक और एंबुलेंस की तलाश कर रही है।

मृतक की पहचान 40 वर्षीय आशीष कुमार श्रीवास्तव के रूप में हुई है। वह अपने पड़ोसी वेदांत के साथ सरोजनीनगर के ट्रांसपोर्ट नगर स्थित एक निजी दवा कंपनी में काम करते थे। सोमवार सुबह दोनों स्कूटी से ड्यूटी पर जा रहे थे। स्कूटी आशीष चला रहे थे और वेदांत पीछे बैठे थे।

पुलिस के मुताबिक, ट्रांसपोर्ट नगर में पार्किंग नंबर-9 के पास सामने से एक बाइक सवार गलत दिशा में आ गया। उसे बचाने के लिए आशीष ने अचानक ब्रेक लगाया। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रही निजी अस्पताल की एंबुलेंस ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से दोनों सड़क पर गिर गए। आरोप है कि एंबुलेंस चालक ने वाहन रोकने के बजाय आशीष को कुचल दिया और फरार हो गया।

राहगीरों की मदद से दोनों को लोकबंधु अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने आशीष को मृत घोषित कर दिया। घायल वेदांत का उपचार किया गया। आशीष अपने पीछे पत्नी और आठ वर्षीय बेटे को छोड़ गए हैं। सरोजनीनगर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और सीसीटीवी फुटेज के जरिए एंबुलेंस की पहचान कर चालक के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी कर रही है।


Hashtags: #UttarPradeshState #Bhopal #लखनऊ #एंबुलेंस #स्कूटी #मारी #टक्कर #मौत #चालक #लखनऊमेंएंबुलेंसने