भोपाल। राजधानी मे रक्षाबंधन और रविवार का अवकाश होने से लोग त्यौहार के साथ जहां पिकनिक मनाने में व्यस्त थे, वही दूसरी ओर ऐसे समय में बदमाशों ने भी जमकर उत्पात मचाया। बैखौफ बदमाशों ने आधा दर्जन से अधिक लोगों पर मारपीट कर अड़ी डाली है। पुलिस ने अलग-अलग थाना इलाको में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बैरसिया पुलिस के अनुसार चंद्रमोहन नामदेव बैरसिया में परिवार सहित रहते हैं। बीती रात करीब साढ़े दस बजे वे अपने शादीहॉल नामदेव शादीहॉल के पास से गुजर रहे थे, तभी पास में रहने वाला बदमाश हेमंत कुशवाह उनपर पैसौ के लिये अड़ीबाजी करने लगा। फरियादी ने जब पैसे नहीं दिए तो आरोनी ने उन्हें छुरी मार दी है। पुलिस ने देर रात मामला दर्ज कर लिया है। पंचशील नगर में रहने वाले जितेंद्र प्रजापति पर स्थानीय बदमाश सुनील व उसके साथी ने मारपीट कर शराब के लिए पैसों की अड़ीबाजी की। गोविंदपुरा में पुराने बदमाश पंकज, शुभम ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर राहुल सोनी नाम के व्यक्ति पर दो हजार रुपए की अड़ी डाल दी। पैसे नहीं देने पर बदमाश मारपीट पर उतारू हो गए। पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लेकर दो अन्य की तलाश शुरू कर दी है। वहीं कोहेफिजा में पुराना आरटीओ ऑफिस के पास आफताब अंसारी नाम के व्यक्ति पर अरशद नाम के बदमाश ने पैसों को लेकर अड़ीबाजी की है। पिपलानी थाना इलाके मे रायसेन रोड पर दिलीप कुशवाह नाम के बदमाश ने ब्रजेश मालवीय नाम के व्यक्ति से अड़ीबाजी कर दी। रातीबड़ में बीती शाम को नशे में धुत तीन बदमाशों ने सड़क से निकलने वाले कई व्यक्तियो से पैसों की मांग कर रहे थे। जो पैसे नहीं दे रहा था, उसके साथ मारपीट की जा रही थी। हालांकि पुलिस में अभी तक सिर्फ दो लोगों ने ही शिकायत की है। फरियादी राजेश मीणा औरी गुड्डु अहिरवार की शिकायत पर पुलिस ने मनोज, गोल्डन और उसके साथी के खिलाफ अड़ीबाजी व मारपीट के दो अलग-अलग प्रकरण दर्ज किया हैं।