सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा ने सभी संभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि आयोजित होने वाले ‘सेवा से संकल्प अभियान’ के अंतर्गत प्रस्तावित कार्यक्रमों की सूक्ष्म स्तर पर तैयारी सुनिश्चित करें। संबंधित जिलों एवं विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण की जाएं तथा संभाग के प्रत्येक जिले में कार्यक्रम गरिमापूर्ण ढंग से आयोजित हों। संभागायुक्त शर्मा ने कमिश्नर कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा पत्रों की समीक्षा बैठक में ये निर्देश दिए। बैठक में संयुक्त आयुक्त विनोद यादव, उपायुक्त राजस्व भारती देवी मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के संभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन अभियान का शत-प्रतिशत क्रियान्वयन करें| संभागायुक्त शर्मा ने मध्यप्रदेश में प्रारंभ हुए स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन अभियान की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने राजस्व अधिकारियों को चिन्हित ग्राम पंचायतों में शिविर आयोजित कर सभी निर्धारित कार्य समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों से कहा कि चयनित ग्रामों में स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन अभियान का शत-प्रतिशत क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित कर भोपाल संभाग को इस कार्य में प्रदेश का प्रथम संभाग बनाने के लिए सभी अधिकारी समन्वित प्रयास करें।
शिविर से पहले लंबित शिकायतों और सेवाओं का करें चिन्हांकन संभागायुक्त शर्मा ने आगामी दिनों में आयोजित होने वाले मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के शिविरों की भी सूक्ष्म स्तर पर तैयारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिविर के आयोजन से पहले संबंधित विकासखंड की लंबित सीएम हेल्पलाइन शिकायतों तथा लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत समय-सीमा से बाहर के प्रकरणों को चिन्हित किया जाए। इन सभी शिकायतों और प्रकरणों का शिविर में शत-प्रतिशत एवं संतुष्टिपूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि अभियान का मूल उद्देश्य शासकीय योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन और नागरिकों को लोक सेवाओं का समय-सीमा में प्रदाय सुनिश्चित करना है। अभियान के दौरान संवाद, समाधान, संवेदनशीलता और सादगी के साथ अधिक से अधिक जनशिकायतों का संतुष्टिपूर्ण निराकरण किया जाए।
संभागायुक्त शर्मा ने सभी संभागीय एवं विभागीय अधिकारियों को जिलों का नियमित भ्रमण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी लंबित सीएम हेल्पलाइन शिकायतों और लोक सेवा गारंटी अधिनियम के समय-सीमा से बाहर के प्रकरणों का निराकरण सुनिश्चित करें। विभागीय संस्थाओं का निरीक्षण करने के साथ योजनाओं के क्रियान्वयन की गहन समीक्षा की जाए तथा संबंधित जानकारी मुख्यमंत्री जन अभियान पोर्टल पर दर्ज की जाए।
Hashtags: #MadhyaPradeshState #Bhopal #Desksource #परख #एनएन #टवर #DeskSource #आईट #समन #समय