ITDC India e-Press / Agencies

नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार और समाज के भविष्य को प्रभावित करने वाली गंभीर सामाजिक बुराई है। “नशा ही नाश की जड़ है” के संदेश को जन-जन तक पहुंचाकर ही नशे के विरुद्ध व्यापक जनजागरूकता पैदा की जा सकती है। इसी उद्देश्य से नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत बुधवार को टीटी नगर स्टेडियम में नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कलेक्टर प्रियंक मिश्रा एवं जिला पंचायत सीईओ इला तिवारी की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित युवाओं एवं नागरिकों को नशे से दूर रहने, मादक पदार्थों का सेवन नहीं करने तथा समाज में नशा मुक्ति का संदेश प्रसारित करने की शपथ दिलाई गई।

कार्यक्रम में नशे के दुष्परिणामों पर प्रकाश डालते हुए बताया गया कि नशे की लत न केवल व्यक्ति के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाती है, बल्कि उसके पारिवारिक संबंधों, सामाजिक प्रतिष्ठा, आर्थिक स्थिति और भविष्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालती है। विशेष रूप से युवाओं को नशे की प्रवृत्ति से बचाना आवश्यक है, ताकि वे अपनी ऊर्जा, प्रतिभा और क्षमता का उपयोग सकारात्मक कार्यों एवं राष्ट्र निर्माण में कर सकें। कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने कहा कि “नशा ही नाश की जड़ है” केवल एक नारा नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने वाला महत्वपूर्ण संदेश है। नशे की शुरुआत व्यक्ति के जीवन को धीरे-धीरे प्रभावित करती है और इसका दुष्परिणाम पूरे परिवार को भुगतना पड़ता है। उन्होंने कहा कि नशामुक्त समाज का निर्माण केवल प्रशासन के प्रयासों से संभव नहीं है, इसके लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए सक्रिय भूमिका निभानी होगी।

कलेक्टर ने नशामुक्त समाज के लिए सामूहिक प्रयासों पर दिया जोर

कलेक्टर मिश्रा ने युवाओं से अपील की कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने मित्रों, परिवारजनों तथा आसपास के लोगों को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करें। उन्होंने कहा कि परिवार, शैक्षणिक संस्थानों, सामाजिक संगठनों और समाज के सभी वर्गों को मिलकर नशे के विरुद्ध सकारात्मक वातावरण तैयार करना होगा। युवाओं को खेल, शिक्षा, रचनात्मक गतिविधियों और सामाजिक कार्यों से जोड़कर उनकी ऊर्जा को सही दिशा देना भी आवश्यक है।

नशा मुक्त भारत अभियान का उद्देश्य युवाओं, महिलाओं और आम नागरिकों को मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक नुकसान के प्रति जागरूक करना है। अभियान के माध्यम से नशे के विरुद्ध जनभागीदारी बढ़ाने, नशे की प्रवृत्ति को रोकने और स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। कार्यक्रम में उपस्थित युवाओं एवं नागरिकों ने नशे से दूर रहने, नशे के विरुद्ध जागरूकता फैलाने तथा अपने परिवार, मित्रों और समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया। जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे “नशा ही नाश की जड़ है” के संदेश को अपने जीवन में आत्मसात करें और नशे के विरुद्ध इस सामाजिक अभियान में सहभागी बनें, ताकि सामूहिक प्रयासों से स्वस्थ, सुरक्षित, सशक्त एवं नशामुक्त समाज का निर्माण किया जा सके।


Hashtags: #MadhyaPradeshState #Bhopal #कलेक्टर #नशामुक्त #समाज #सामूहिक #प्रयासों #दिया #जोर #कलेक्टरनेनशामुक्तसमाज