सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क्स / आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ /एजेंसियाँ/ भोपाल: लखनऊ विश्वविद्यालय के विधि संकाय में स्थापित प्रतिष्ठित संस्था विधिक सहायता केंद्र एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के संयुक्त तत्वावधान में राष्ट्रीय विधिक सेवा दिवस के अवसर पर 3 नवंबर 2026 को नगर चौगवां, बक्शी का तालाब, लखनऊ के निवासियों के लिए निःशुल्क विधिक सहायता एवं साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन प्रो. (डॉ.) आर.के. वर्मा (डीन, विधि संकाय), प्रो. (डॉ.) अभिषेक कुमार तिवारी (अध्यक्ष, विधिक सहायता केंद्र), प्रो. (डॉ.) बी.डी. सिंह (पूर्व डीन, विधि संकाय), प्रो. (डॉ.) आर.के. सिंह, प्रो. (डॉ.) अनुराग कुमार श्रीवास्तव, प्रो. (डॉ.) आलोक कुमार यादव (अध्यक्ष, प्रो-बोनो क्लब) और डॉ. अनुरोध उपाध्याय के कुशल नेतृत्व में किया गया।

कार्यक्रम से पूर्व विधिक सहायता केंद्र के सदस्यों द्वारा एक डोर टू डोर सर्वे किया गया, जिसके माध्यम से केंद्र ने गांववासियों से बुनियादी विषयों पर जानकारी प्राप्त करने का प्रयास किया। कार्यक्रम का आरंभ विधिक सहायता केंद्र के सदस्य विवेक पाटीदार द्वारा किया गया। इसके पश्चात ग्राम प्रधान मधु शुक्ला एवं पैरा लीगल वालंटियर (पी.एल.वी.) अनीता विश्वकर्मा सहित सम्मानित अतिथियों का अभिनंदन किया गया। इसके उपरांत अग्निशमन विभाग के एस.आई. सत्येंद्र कुमार सिंह ने गांववासियों को अग्नि सुरक्षा के बारे में जानकारी दी तथा विशेष रूप से सिलेंडर विस्फोट से जुड़ी भ्रांतियों को स्पष्ट किया। मिशन शक्ति से एस.आई. सारिका गुप्ता ने महिला सुरक्षा पर गांववासियों को संबोधित किया एवं महिलाओं को बढ़ते साइबर अपराधों और उनसे बचाव के उपायों के प्रति जागरूक किया। विधिक सहायता केंद्र की ओर से सदस्य रागिनी सिंह ने घरेलू हिंसा के विषय पर गांववासियों को जागरूक किया, सदस्य अनामिका सिंह ने वन स्टॉप सेंटर योजना, प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना एवं प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना की जानकारी दी, जबकि सदस्य विशेष करण सिंह ने प्रधानमंत्री जन धन योजना एवं आयुष्मान भारत योजना के बारे में बताया।

निःशुल्क विधिक सहायता एवं साक्षरता शिविर का आयोजन

इसके बाद क्रमशः प्रो. (डॉ.) अभिषेक कुमार तिवारी, प्रो. (डॉ.) बी.डी. सिंह, प्रो. (डॉ.) आर.के. सिंह, प्रो. (डॉ.) अनुराग कुमार श्रीवास्तव, प्रो. (डॉ.) आलोक कुमार यादव एवं डॉ. अनुरोध उपाध्याय ने गांववासियों को संबोधित किया। सभी वक्तव्यों के उपरांत नशा मुक्ति, पुनर्वास एवं कौशल विकास विषय पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया।

निःशुल्क विधिक सहायता एवं साक्षरता शिविर का आयोजन

सेवा हॉस्पिटल के सहयोग से गांववासियों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के अंत में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ द्वारा निःशुल्क विधिक सहायता शिविर का आयोजन किया गया इसके साथ ही साथ जनसेवा केंद्र के सदस्यों ने आधार कार्ड, पेंशन और पैन कार्ड आदि से संबंधित समस्याओं का समाधान किया। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में कानूनी जागरूकता को बढ़ावा देना और स्वास्थ्य संबंधी जानकारी प्रदान करना था, जिससे ग्रामीण समुदाय को सशक्त और जागरूक बनाया जा सके।


Hashtags: #MadhyaPradeshState #Bhopal #निःशुल्क #विधिक #सहायता #एवं #साक्षरता #शिविर #आयोजन #निःशुल्कविधिकसहायताएवं