सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क्स / आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ /एजेंसियाँ/ भोपाल: आपदा की स्थिति में प्रभावित लोगों को मानसिक स्वास्थ्य एवं मनोसामाजिक सहायता उपलब्ध कराने तथा स्वास्थ्य सेवाओं की त्वरित और प्रभावी प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आरआरडी, भोपाल में पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की जा रही है। भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की केंद्रीय क्षेत्रीय योजना (ईएमआर-डीएम सेल) के अंतर्गत मध्यप्रदेश लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के सहयोग से आयोजित इस कार्यशाला में निम्हांस, बेंगलुरु के विशेषज्ञ प्रशिक्षण प्रदान कर रहे हैं। कार्यशाला के अंतर्गत प्रदेश के कुल 105 प्रतिभागियों को तीन चरणों में प्रशिक्षित किया जाएगा। प्रशिक्षण के दौरान आपदा प्रभावित व्यक्तियों की पहचान, मानसिक आघात एवं तनाव का प्रबंधन, प्राथमिक मनोसामाजिक सहायता (साइकोलॉजिकल फर्स्ट ऐड), संकट की स्थिति में प्रभावी संवाद, सामुदायिक सहयोग तथा मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं के समन्वय जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य प्राकृतिक एवं मानवजनित आपदाओं के दौरान स्वास्थ्य विभाग की तैयारी और त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता को सुदृढ़ करना है। इसके साथ ही आपदा प्रभावित व्यक्तियों एवं समुदायों को समय पर गुणवत्तापूर्ण मानसिक स्वास्थ्य एवं मनोसामाजिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रशिक्षित मानव संसाधन तैयार करना भी इस पहल का महत्वपूर्ण लक्ष्य है। इस प्रशिक्षण से आपदा प्रबंधन के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं के बेहतर समन्वय, संवेदनशील एवं प्रभावी सहायता तथा प्रभावित समुदायों के मानसिक स्वास्थ्य संरक्षण को मजबूती मिलेगी।
Hashtags: #MadhyaPradeshState #Bhopal #आपदा #प्रबंधन #मानसिक #स्वास्थ्य #सहायता #पांच #दिवसीय #आपदाप्रबंधनमेंमानसिक