सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क्स / आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ /एजेंसियाँ/ दिल्ली: अमित शाह से मुलाकात के बाद सुनेत्रा पवार की बैठक, NCP में एकजुटता का संदेश

मुंबई। महाराष्ट्र की राजनीति में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के भीतर चल रही हलचल के बीच उपमुख्यमंत्री और पार्टी प्रमुख सुनेत्रा पवार ने मंगलवार को मुंबई स्थित अपने आधिकारिक आवास देवगिरी में पार्टी विधायकों और नेताओं के साथ बैठक की। यह बैठक ऐसे समय हुई, जब पार्टी के कुछ वरिष्ठ नेताओं ने सुनेत्रा पवार की गैरमौजूदगी में दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी। इसके बाद पार्टी में नेतृत्व और आपसी मतभेदों को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई थीं।

करीब 50 विधायक बैठक में हुए शामिल बैठक में मंत्रियों सहित करीब 50 विधायक शामिल हुए। सुनेत्रा पवार के बेटे पार्थ और जय पवार भी मौजूद रहे। मुंबई NCP अध्यक्ष जीशान सिद्दीकी ने बताया कि बैठक में शामिल विधायकों, मंत्रियों और पदाधिकारियों ने एक स्वर में सुनेत्रा पवार के नेतृत्व में पार्टी की एकजुटता पर भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2029 के चुनाव में भी सुनेत्रा पवार ही पार्टी का नेतृत्व करेंगी।

अमित शाह से मुलाकात के बाद बढ़ी थी चर्चा इससे पहले NCP के वरिष्ठ नेताओं प्रफुल्ल पटेल, सुनील तटकरे, छगन भुजबल, हसन मुश्रीफ, दिलीप वलसे पाटिल और धनंजय मुंडे ने दिल्ली में अमित शाह से मुलाकात की थी। इस बैठक में सुनेत्रा पवार और उनके बेटे पार्थ शामिल नहीं थे। इसके बाद पार्टी के भीतर नेतृत्व को लेकर असंतोष और दोनों NCP गुटों के संभावित विलय की अटकलें लगने लगी थीं। हालांकि, पार्टी नेताओं ने विलय की चर्चाओं और सुनेत्रा पवार को अलग-थलग किए जाने की खबरों को खारिज किया है।

संगठन मजबूत करने पर हुई चर्चा बैठक में पार्टी संगठन को मजबूत करने, आगामी जिला परिषद चुनावों की तैयारी और विधायकों के निर्वाचन क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति देने पर चर्चा हुई। सुनेत्रा पवार ने मंत्रियों से कहा कि वे अपने क्षेत्रों में विकास कार्यों के लिए पार्टी विधायकों को पर्याप्त समय और सहयोग दें। पार्टी नेतृत्व ने दिवंगत अजित पवार की ओर से शुरू की गई विधायकों से नियमित मुलाकात की परंपरा जारी रखने पर भी जोर दिया। इस बैठक को पार्टी के भीतर एकजुटता का संदेश देने और नेतृत्व को लेकर उठ रहे सवालों के बीच संगठनात्मक स्थिति मजबूत करने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है।


Hashtags: #MumbaiCity #Delhi #अमित #शाह #मुलाकात #बाद #सुनेत्रा #पवार #बैठक #अमितशाहसेमुलाकात